कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में दिव्यांग बच्चों से स्कूटी धुलवाने का वीडियो सामने आया है। यूनिफॉर्म पहने स्कूली बच्चे हॉस्टल वार्डन की स्कूटी धोते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामला समाज कल्याण विभाग तक पहुंचा तो विभाग ने हॉस्टल अधीक्षिका को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। मामला डिंगापुर क्षेत्र में संचालित उमंग 50 सीटर दिव्यांग स्कूल के हॉस्टल का है।
हॉस्टल अधीक्षिका मीना सोनी ने आरोप लगाया है कि उन्हें बदनाम करने की साजिश से हॉस्टल के ही स्टाफ ने बच्चों से गाड़ी धुलवाई और उसका वीडियो बना लिया। फिलहाल विभाग दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रहा है।
स्कूल ड्रेस में स्कूटी साफ करते दिखे बच्चे।
आरोप है कि रोज बच्चों से वार्डन की स्कूटी धुलवाई जाती है।
आरोप है कि हॉस्टल के स्टाफ ने ही यह वीडियो बनाया।
वीडियो में स्कूटी धोते दिखे दिव्यांग छात्र
सोशल मीडिया पर 2 वीडियो वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में एक दिव्यांग बच्चा स्कूटी धोता नजर आता है, जबकि दूसरे वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने दो बच्चे स्कूटी की सफाई करते दिख रहे हैं। आरोप है कि बच्चों से वार्डन के निजी दोपहिया वाहन की धुलाई और सफाई लगभग रोजाना कराई जाती थी।
हॉस्टल में रहते हैं 50 दिव्यांग छात्र
उमंग हॉस्टल में करीब 50 दिव्यांग छात्र अध्ययनरत और निवासरत हैं। ये बच्चे पढ़ाई और देखभाल के लिए संस्था पर निर्भर हैं। ऐसे में उनसे निजी वाहन की सफाई जैसे काम कराए जाने के आरोप ने संस्था में बच्चों की देखभाल, उनके साथ व्यवहार और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठे हैं।
समाज कल्याण विभाग के अधीन संचालित है संस्था
डिंगापुर स्थित उमंग छात्रावास का संचालन समाज कल्याण विभाग, कोरबा द्वारा किया जाता है। संस्था का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
लेकिन वायरल वीडियो में बच्चों से निजी वाहन साफ कराए जाने का दृश्य सामने आने के बाद विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। मामला केवल अनुशासन या काम कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांग बच्चों की गरिमा और उनके अधिकारों से भी जुड़ा है।
मामला डिंगापुर क्षेत्र में संचालित उमंग 50 सीटर दिव्यांग स्कूल के हॉस्टल का है।
अधीक्षिका ने लगाया साजिश का आरोप
वीडियो वायरल होने के बाद समाज कल्याण विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक हरीश सक्सेना ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद अधीक्षिका मीना सोनी को कार्यालय बुलाकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान अधीक्षिका ने अपनी सफाई में कहा कि कुछ कर्मचारियों ने साजिश के तहत बच्चों से उनकी गाड़ी धुलवाई और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने शुरू की जांच।
नोटिस जारी, जवाब के बाद होगी कार्रवाई
समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक हरीश सक्सेना के मुताबिक, अधीक्षिका मीना सोनी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि बच्चों से गाड़ी साफ कराने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, क्या यह नियमित रूप से कराया जा रहा था और इसमें संस्था के अन्य कर्मचारियों की भी भूमिका थी।

