5 दिनों में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नगर पालिका कार्यालय में कचरा सौंपने की चेतावनी
बांकी मोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा में सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने क्षेत्र में पिछले 7 से 10 दिनों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण ठप होने और सफाई कार्य में उपयोग किए जा रहे रिक्शों की गुणवत्ता पर गंभीर आपत्ति जताई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को पत्र लिखकर तत्काल व्यवस्था सुधारने और घटिया गुणवत्ता के रिक्शों की जांच कर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

मधुसूदन दास ने पत्र के माध्यम से बताया कि उनके वार्ड सहित आसपास के 5-6 वार्डों के नागरिक लगातार कचरा उठाव नहीं होने की शिकायत कर रहे हैं। कई दिनों से घरों से कचरा संग्रहण नहीं होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि सफाई कार्य में लगे पुराने रिक्शों की स्थिति खराब हो चुकी है, जबकि नए रिक्शों की आपूर्ति में भी लापरवाही बरती गई है। उनके अनुसार, कुछ नए रिक्शे उपलब्ध कराए गए हैं, लेकिन उनकी गुणवत्ता बेहद खराब है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सफाई कार्य में इस्तेमाल होने वाला छोटा हाथी वाहन पिछले करीब 10 दिनों से खराब पड़ा है और अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। वाहनों की अनुपलब्धता और खराब स्थिति के चलते डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रभावित हो रहा है।
पांच दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने नगर पालिका प्रशासन से पांच दिनों के भीतर समस्या का निराकरण करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो क्षेत्र में जमा कचरे को एकत्रित कर नगर पालिका कार्यालय पहुंचाया जाएगा और अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता जैसी बुनियादी नागरिक सुविधा में इस तरह की लापरवाही दुर्भाग्यजनक है। नगर पालिका प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कचरा उठाव शुरू कराना चाहिए, खराब वाहनों की मरम्मत करानी चाहिए तथा घटिया गुणवत्ता के रिक्शों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
अब देखना होगा कि नेता प्रतिपक्ष की शिकायत और पांच दिनों की चेतावनी के बाद नगर पालिका प्रशासन सफाई व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाता है।
