नई दिल्ली, एजेंसी। सोने की कीमतों में पिछले कुछ समय से भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड की कीमतों में लगातार गिरावट के बाद शुक्रवार को अच्छी रिकवरी दर्ज की गई। इसके बावजूद निवेशकों के मन में सवाल है कि क्या सोने की कीमतों में गिरावट का दौर खत्म हो चुका है या आने वाले दिनों में इसमें और बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। इस बीच दिग्गज ग्लोबल बैंक HSBC ने अपनी ताजा रिपोर्ट में सोने की कीमतों को लेकर चेतावनी दी है। बैंक के मुताबिक, अगर वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोरी जारी रहती है तो सोने का भाव गिरकर 3,400 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है।
3,400 डॉलर तक फिसल सकता है सोना
HSBC के अनुसार, फिलहाल यह मानना जल्दबाजी होगी कि सोने ने अपना निचला स्तर छू लिया है। बैंक के विश्लेषक जेम्स स्टील का कहना है कि शेयर बाजारों में भारी बिकवाली जारी रहने पर निवेशक नकदी जुटाने के लिए सोना बेच सकते हैं। इससे गोल्ड की कीमतों पर अतिरिक्त दबाव बनेगा। फिलहाल कॉमेक्स पर सोना करीब 3,650 डॉलर प्रति औंस के आसपास है।
एक हफ्ते में दिखा भारी उतार-चढ़ाव
पिछले सप्ताह सोने की कीमतों में काफी अस्थिरता रही। 25 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 3,500 डॉलर प्रति औंस से नीचे पहुंच गया था। इसके बाद कीमतों में सुधार हुआ। 27 नवंबर को अमेरिकी डॉलर की तेजी कमजोर पड़ने और शेयर बाजारों में रिकवरी के चलते सोने में करीब 3 फीसदी की उछाल आई और भाव 3,671 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया।
अमेरिकी फेड की नीतियों से भी दबाव
सोने की कीमतों पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़ी नीतियों का भी असर पड़ रहा है। अमेरिका में महंगाई और मजबूत आर्थिक आंकड़ों के कारण ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है। इसके साथ ही डॉलर की मजबूती भी सोने के लिए चुनौती बन रही है।

चांदी और प्लैटिनम पर भी HSBC की नजर
HSBC ने चांदी और प्लैटिनम को लेकर भी चिंता जताई है। अमेरिका की ओर से संभावित नए टैरिफ के कारण औद्योगिक क्षेत्रों में इन धातुओं की मांग प्रभावित हो सकती है। खासकर अगर मेक्सिको और कनाडा पर अतिरिक्त टैरिफ लगाए जाते हैं, तो चांदी की सप्लाई और कीमतों पर असर पड़ सकता है।
