DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर में पति ने 2 बेटों संग खाया जहर, मौत:पत्नी मायके से नहीं लौटी तो सुसाइड, गरियाबंद में जंगल में मिली दंपती की लाश

जांजगीर-चांपा/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के 2 जिलों में 2 अलग-अलग परिवारों के 5 सदस्यों ने सुसाइड कर लिया है। पहला मामला जांजगीर-चांपा के नैला चौकी थाना क्षेत्र का है। पति से विवाद के बाद पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई। पति उसे वापस लेने ससुराल पहुंचा तो उसने लौटने से इनकार कर दिया।

इस बात से नाराज पति ने अपने 2 बच्चों के सा​थ कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। घर के अंदर पिता और बच्चों के शव मिले हैं।

दूसरा मामला गरियाबंद जिले के पायलीखंड थाना क्षेत्र का है, जहां बुजुर्ग दंपती ने आत्महत्या कर ली। दोनों के शव घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में 20 से 30 मीटर की दूरी पर अलग-अलग पेड़ों से लटके हुए मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

केस-1, पति ने 2 बच्चों संग की आत्महत्या

जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा के बिरकोनी गांव में रमेश कुमार पटेल (35) पत्नी मंगली बाई (28) और दो बेटे आदर्श (3 वर्ष) और अभिनव (2 वर्ष) और एक बेटी आरुषि (6 वर्ष) के सा​थ रहता था। रमेश को शराब पीने की लत थी, जिसकी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था।

4 दिन पहले रमेश का पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसकी पत्नी अपनी बेटी आरुषि को लेकर मायके चली गई थी, जबकि दोनों छोटे बेटे आदर्श और अभिनव घर पर ही थे। 16 जून को रमेश पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन वह लौटने के लिए तैयार नहीं हुई।

बुधवार सुबह रमेश के पिता परदेशी पटेल गांव गए हुए थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी कि रमेश और उसके दोनों बच्चे घर में मृत पड़े हैं।

मौके पर पहुंचकर जांच करती हुई पुलिस की टीम।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर कीटनाशक के सैंपल जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रहा है कि तीनों की मौत कीटनाशक खाने से हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

केस-2, दंपती की लाश जंगल में मिली

वहीं, गरियाबंद जिले के पायलीखंड थाना क्षेत्र के जयराम नागेश (65) अपनी पत्नी वेदमती (45) के साथ रहते थे। मंगलवार शाम बुजुर्ग दंपती ने आत्महत्या कर ली। दोनों के शव घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में अलग-अलग पेड़ों से फांसी के फंदे पर लटके मिले।

पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। रविवार दोपहर को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। परिजनों ने बताया कि पहले भी कई बार दोनों के बीच विवाद हो चुका था। दंपती के दो बेटे हैं और दोनों की शादी हो चुकी है।

शुरुआती जांच में पता चला है कि झगड़े के बाद जयराम घर से निकल गए थे। करीब एक घंटे तक वापस नहीं लौटने पर उनकी पत्नी वेदमती भी उन्हें तलाशने जंगल की ओर चली गईं। इसके बाद दोनों घर नहीं लौटे।

गरियाबंद के पायलीखंड में बुजुर्ग दंपती के शव जंगल में मिले।

घरवालों ने पहले इसे सामान्य नाराजगी समझा, क्योंकि दोनों पहले भी कई बार नाराज होकर घर छोड़कर चले जाते थे। लेकिन जब 24 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद भी दोनों वापस नहीं आए, तो घरवालों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास और जंगल में तलाश की गई, जहां दोनों के शव मिले।

पुलिस ने शुरुआती जांच में आशंका जताई है कि पति के सुसाइड करने के बाद पत्नी ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी होगी। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version