DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

एचजेडएल का चौथी तिमाही में मुनाफा रिकॉर्ड 5,033 करोड़ रुपए रहा

नई दिल्ली,एजेंसी। वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड (एचजेडएल) का वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में मुनाफा 5,033 करोड़ रुपए रहा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 3,003 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया था। कंपनी ने बताया कि जस्ता और चांदी की ऊंची कीमतों तथा उत्पादन बढ़ने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा। तिमाही के दौरान हिंदुस्तान जिंक की कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) 61 प्रतिशत बढ़कर 7,747 करोड़ रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 34 प्रतिशत बढ़कर 13,832 करोड़ रुपए रहा, जो अब तक का सबसे अधिक है। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की आय 49 प्रतिशत बढ़कर 13,544 करोड़ रुपए रही। 

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुण मिश्रा ने कहा, “वैश्विक चुनौतियों के बावजूद हमने इस तिमाही में रिकॉर्ड उत्पादन किया और इसे 903 डॉलर प्रति टन की कम लागत पर हासिल किया। अब हम वृद्धि के अगले चरण में प्रवेश कर रहे हैं और अपनी योजना को और मजबूत बना रहे हैं। हम महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहे हैं, जिससे भविष्य की जरूरतों को पूरा किया जा सके और देश की वृद्धि में योगदान दिया जा सके।”

Exit mobile version