बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में खुद को मोटिवेशनल स्पीकर बताकर आरोपी ने 1 करोड़ की ठगी की है। लोगों को 40 दिन में पैसा डबल करने का झांसा देकर फंसाया। ठगी की पैसों से एक महिला के नाम पर जमीन खरीदी। इसके बाद फरार हो गया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक शातिर ठग का नाम हीरानंद भगवानी है, जो बिलासपुर के सिंधी कॉलोनी का रहने वाला है। सिविल लाइन पुलिस ने ठगी की पैसों से खरीदी गई 25 लाख 80 हजार रुपए की जमीन को कुर्क करने कोर्ट में आवेदन दिया है।
सिंधी कॉलोनी निवासी हीरानंद भगवानी अपने आप को मोटिवेशनल स्पीकर बताता था।
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, हीरानंद भगवानी खुद को मोटिवेशनल स्पीकर बताता था। वह लोगों को निवेश के ज़रिए ज़्यादा मुनाफ़ा कमाने के तरीके भी बताता था। इसके लिए वह सेमिनार आयोजित करता था, जिनमें वह मार्केटिंग सिखाने का दावा करता था।
शातिर ठग हीरानंद भगवानी लोगों के निवेश का रिटर्न 40 दिनों में दोगुना करने का वादा करता था। इस तरह उसने 20 से ज्यादा लोगों को ठगा और उनसे 1 करोड़ रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद वह बिलासपुर से फरार हो गया।
पत्नी और सहयोगी गिरफ्तार
बिलासपुर के निवेशकों को जब पता चला कि, हीरानंद उनके पैसे लेकर गायब हो गया है, तब उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी हीरानंद की पत्नी नायरा भगवानी और सहयोगी मुरली लहजा को गिरफ्तार किया है, जबकि हीरानंद भगवानी अब तक फरार है।

ये तस्वीर आरोपी हीरानंद भगवानी की है, जो लोगों से एक करोड़ की ठगी के बाद से फरार है।
ठगी के पैसे से खरीदी जमीन
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि, पुलिस ने जब आरोपियों का बैंक रिकॉर्ड खंगाला तो बड़ा खुलासा हुआ। मुरली लहजा ने महिला बोधनी बाई के खाते में 12 लाख रुपए जमा कराए थे। जमीन की रजिस्ट्री के एक दिन पहले ही यह रुपए जमा कराए गए थे।
इसके बाद अगले दिन बोधनी बाई के नाम जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। महिला के बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया कि संपत्ति ठगी के पैसों से खरीदी गई थी। पर्याप्त साक्ष्य जुटाकर पुलिस ने जमीन कुर्क करने के लिए सीजीएम कोर्ट में आवेदन दिया है।
मालिश करने वाली के पास एक रात में आए 12 लाख
तिफरा की बोधनी बाई वर्षों से मालिश का काम करती है। लोग उसे ‘मालिश करने वाली’ के नाम से पहचानते हैं। उसके खाते में अचानक 12 लाख रुपए जमा होने और अगले दिन जमीन की रजिस्ट्री होना पुलिस के लिए बड़ा सबूत साबित हुआ।
जांच में हीरानंद की दो संपत्तियां सामने आईं। रायपुर रोड स्थित रामा वर्ल्ड कॉलोनी में एक प्लॉट और दूसरा प्लॉट ग्राम तिफरा में 1200 वर्ग फीट का मिला। हीरानंद ने अपनी मां शांति बाई भगवानी के नाम पर रामा वर्ल्ड में 1000 वर्ग फीट जमीन खरीदी थी। इस प्लॉट को भी उसने डेढ़ महीने पहले बेच दिया।
नए कानून में कार्रवाई का प्रावधान
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 107 के तहत पुलिस अवैध कमाई से खरीदी गई संपत्ति जब्त कर न्यायालय को भेज सकती है। छत्तीसगढ़ में इस धारा के तहत बिलासपुर पुलिस ने अब तक दो बड़ी कार्रवाई की है। इसमें पहली कार्रवाई कोनी क्षेत्र के शराब कोचिया पर और दूसरी हीरानंद भगवानी पर की गई।
पुलिस के निशाने पर भू-माफिया
शहर के भू-माफियाओं के पुराने मामलों की भी पुलिस जांच कर रही है। उनकी संपत्ति की डिटेल जुटाई जा रही है। पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही बीएनएसएस की धारा 107 के तहत उनकी संपत्ति कुर्क कर मामला न्यायालय को सौंपा जाएगा।
