बिर्रा। शासकीय प्राथमिक पूर्व माध्यमिक शाला सेमरिया, विकासखंड बम्हनीडीह में बच्चों को आपदा और विपदा से बचाव, शारीरिक स्वच्छता और मौसमी बीमारियों से सतर्क रहने की जानकारी दी।
शिक्षकों ने बच्चों को साबुन और पानी से हाथ धोने के सही तरीके व्यवहारिक रूप में सिखाए। पीतांबर प्रसाद कश्यप, टीकाराम गोपालन और अनुपमा जांगड़े ने सर्दी-खांसी, बुखार, दस्त, पेचिश, पीलिया जैसी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। एकादशिया मांझी, कैलाश खूंटे और कौशल यादव ने बच्चों को गंदे हाथों से फैलने वाली बीमारियों, घरेलू स्वच्छता, पेयजल की शुद्धता, दास्ताने और मास्क के उपयोग, संक्रमण से बचाव और पौधों के संरक्षण की जानकारी दी। प्रभारी प्रधानपाठक उमेश कुमार दुबे ने बताया कि बच्चों में आपदाओं के जोखिम पहचानने और उनके प्रभाव कम करने की समझ विकसित की जा रही है। शाला परिसर को आपदा से सुरक्षित रखने और राज्य में सुरक्षा की संस्कृति विकसित करने पर जोर दिया। मोबाइल और इंटरनेट से हो रही ठगी, यातायात सुरक्षा, बाल संरक्षण और मोबाइल के सही उपयोग के बारे में भी बच्चों को जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में कारगिल विजय दिवस पर देश के जांबाज सैनिकों की वीरता, शौर्य और बलिदान को याद कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान एकादशिया मांझी, पीतांबर प्रसाद कश्यप, टीकाराम गोपालन, कैलाश खूंटे, कौशल यादव, अनुपमा जांगड़े, कौशल निराला, अशोक जांगड़े और जय मां संतोषी महिला स्व-सहायता समूह के सदस्य उपस्थित रहे।

