DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

तड़ीपार गृहमंत्री बन सकता है तो जज उपराष्ट्रपति क्यों नहीं:सुदर्शन रेड्‌डी पर भाजपा के सवाल पर भूपेश का पलटवार,बैज बोले-SC का फैसला देखें शाह

रायपुर,एजेंसी। इंडी गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता दीपक बैज ने कहा कि बी. सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद भाजपा का समीकरण गड़बड़ हो चुका है। इसलिए बीजेपी घबरा गई है और उल्टे-सीधे बयान दे रही है।

बैज ने कहा कि मैं याद दिलाना चाहता हूं कि जब छत्तीसगढ़ में ‘सलवा जुड़ूम’ चल रहा था, तब बीजेपी सरकार ने वहां के ग्रामीणों को बिना किसी ट्रेनिंग के AK-47 जैसे हथियार थमा दिए थे। इसी के खिलाफ कोर्ट ने फैसला सुनाया था। लेकिन आज बीजेपी इसे गलत तरह से प्रचारित कर रही है।

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैंज।

गृहमंत्री अमित शाह सुप्रीम कोर्ट का फैसला देखें

दीपक बैज ने कहा कि सलवा जुडूम मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट निर्णय दिया था कि बिना ट्रेनिंग किसी नागरिक को हथियार देना असंवैधानिक है। उन्होंने कहा कि अमित शाह सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले को एक बार फिर पढ़ लें। बैज ने यह भी सवाल पूछा कि कि यदि उस समय कोर्ट का फैसला गलत लगा था, तो उन्होंने उसे दूसरे बेंच में चुनौती क्यों नहीं दी?

भाजपा चुनावी फायदे के लिए इतिहास को तोड़-मरोड़ रही है

बैज ने कहा कि उस समय कोर्ट के फैसले का कांग्रेस ने सम्मान किया था, लेकिन अब बीजेपी चुनावी फायदे के लिए इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह गड़बड़ा चुका है और इसलिए घबराहट में इस तरह के उल्टे-सीधे बयान दिए जा रहे हैं।

बैज ने कहा कि उनके बयानबाजी से भाजपा को कोई फायदा नहीं मिलने वाला। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति पद जैसे संवैधानिक पद के उम्मीदवार की छवि को धूमिल करने की कोशिश बीजेपी की हताशा और बौखलाहट का नतीजा है।

पूर्व सीएम ने किया सोशल मीडिया पर पोस्ट।

तड़ीपार देश का गृहमंत्री बन सकता है तो एक पूर्व जज देश के उपराष्ट्रपति क्यों नही- भूपेश

AICC के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इंडी गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को लेकर बीजेपी के आरोपों पर सोशल मीडिया पर पलटवार किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि कभी तड़ीपार किया गया था, उसे इस देश में गृहमंत्री बनाया जा सकता है तो फिर एक पूर्व जज, जिसने सुप्रीम कोर्ट में सेवाएं दी हैं, वह उपराष्ट्रपति क्यों नहीं बन सकते?

भूपेश के पोस्ट पर भाजपा नेता ने किया कमेंट

पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के पोस्ट पर भाजपा नेता और छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कमेंट करते हुए लिखा कि जिस व्यक्ति को आप ‘तड़ीपार’ कह रहे हैं, उन्हें हाईकोर्ट ने सम्मानपूर्वक बरी किया था।

साथ ही उन्होंने कोर्ट के फैसले से पहले न कोई संवैधानिक पद संभाला था और न ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। आप एक पूर्व मुख्यमंत्री हैं, इसलिए आपसे उम्मीद की जाती है कि तथ्य सही तरीके से पेश करें।

राजीव अग्रवाल ने भूपेश बघेल के पोस्ट पर किया कमेंट।

सुदर्शन रेड्डी को भाजपा ने बताया था वामपंथी नक्सलियों का समर्थक

इंडी गठबंधन ने उपराष्ट्रपति पद के लिए सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने उन पर वामपंथी नक्सलियों का समर्थन करने का आरोप लगाया है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस ने ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है, जिन्होंने सलवा जुडूम के खिलाफ फैसला दिया था।

प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा था कि अगर उस समय यह फैसला नहीं लिया गया होता, तो 2020 तक वामपंथी नक्सलवाद का सफाया हो जाता। ठाकुर ने यह भी कहा कि विपक्ष द्वारा सुदर्शन रेड्डी को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने से आदिवासी समुदाय में नाराजगी है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इससे यह भी स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस का हाथ हमेशा नक्सलियों के साथ है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से देश और प्रदेश की जनता से माफी मांगने की मांग की।

Exit mobile version