DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सक्ती में चल रहा था अवैध क्लीनिक:स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई, फर्जी BAMS डिग्री से चल रहा था मरीजों का इलाज

सक्ती। सक्ती नगर के स्टेशन रोड पर स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की टीम ने सोमवार को एक अवैध क्लीनिक का पर्दाफाश किया। डॉ. केएल कुर्रे की ओर से संचालित इस क्लीनिक की जांच में पता चला कि उनकी बीएएमएस डिग्री किसी वैधानिक संस्था में पंजीकृत नहीं है।

जांच टीम ने क्लीनिक से दवाइयों का स्टॉक जब्त किया। पंचनामे में दर्ज किया गया कि न तो दवाइयां नियमानुसार पंजीकृत थीं और न ही अधिकृत तरीके से खरीदी गई थीं। क्लीनिक के पास संचालन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।

सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल ने कहा कि बिना पंजीकरण और मान्यता प्राप्त डिग्री के चिकित्सा सेवा देना कानून का उल्लंघन है। उन्होंने दोषियों पर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

लंबे समय से कर रहे थे लोगों का इलाज

स्थानीय निवासियों ने बताया कि वे लंबे समय से डॉ. कुर्रे से इलाज करा रहे थे। कई मामलों में मरीजों की हालत बिगड़ने की शिकायतें सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों ने इस कार्रवाई का समर्थन किया है। उनका कहना है कि ऐसी कार्रवाई से भविष्य में मरीजों की मजबूरी का फायदा उठाने वालों पर अंकुश लगेगा।

Exit mobile version