DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

ट्रैक्टर ड्राइवर से 5 हजार की अवैध वसूली:जेल भेजने की धमकी देकर ऑनलाइन लिए रुपए, रजगामार चौकी के सिपाही पर कार्रवाई

कोरबा। कोरबा में बांस-बल्ली ले जा रहे ट्रैक्टर चालक से 5 हजार रुपए की अवैध वसूली के मामले में कार्रवाई की गई है। रजगामार चौकी में तैनात सिपाही मनोज को निलंबित कर दिया गया है, जबकि नगर सैनिक चेतन नारंग को चौकी से हटा दिया गया है।

घटना करीब 5 दिन पहले रजगामार चौकी क्षेत्र की है। गोढ़ी निवासी योगेंद्र कुमार ट्रैक्टर में बांस-बल्ली लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बिना वर्दी के दो लोगों ने उन्हें रोका और खुद को पुलिसकर्मी बताया।

बिना वर्दी रोककर जेल भेजने की दी धमकी

आरोप है कि दोनों ने योगेंद्र को बिना अनुमति बांस का परिवहन करने पर जेल भेजने की धमकी दी। मामले को रफा-दफा करने के नाम पर उनसे 5 हजार रुपए की मांग की गई। शिकायत के मुताबिक, यह रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई।

एसपी कार्यालय में शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

पीड़ित योगेंद्र कुमार ने एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान सिपाही मनोज और नगर सैनिक चेतन नारंग की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है।

सिपाही सस्पेंड, नगर सैनिक पर आगे की कार्रवाई

CSP प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, जांच के आधार पर सिपाही मनोज को निलंबित कर दिया गया है। वहीं नगर सैनिक चेतन नारंग पर आगे की कार्रवाई के लिए नगर सेना के कमांडेंट को पत्र भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शिकायत और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

Exit mobile version