DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बिलासपुर में रात में चल रहा अवैध रेत खनन:आधी रात टॉर्च लेकर निकले प्रशिक्षु IAS, रेत माफिया के 15 हाईवा और 4 ट्रैक्टर जब्त

बिलासपुर,एजेंसी। ।पहले बिलासपुर में जिला प्रशासन की सख्ती के दावों के बीच अरपा नदी में रेत माफिया बेखौफ होकर अवैध रेत उत्खनन कर रहे हैं। खनिज विभाग के संरक्षण में यह गोरखधंधा कभी रात तो कभी दिन में फलफूल रहा है। शुक्रवार की रात राजस्व और खनिज, पुलिस और वन विभाग ने मिलकर छापेमारी की।

इस दौरान कोटा क्षेत्र के करहीकछार और रतखंडी में अवैध उत्खनन और परिवहन करते 19 गाड़ियों को जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में प्रशिक्षु IAS खुद टॉर्च लेकर नदी में गाड़ियों की धरपकड़ करते रहे। दरअसल, हाईकोर्ट ने अवैध खनिज परिवहन और उत्खनन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

जिस पर कलेक्टर अवनीश शरण ने खनिज विभाग की टीम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन, खनिज विभाग के अफसर दिखावे की कार्रवाई करते रहे हैं। जबकि, शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में बेखौफ होकर अवैध उत्खनन और परिवहन चल रहा है। जिसके बाद भी खनिज विभाग के अफसर अवैध उत्खनन बंद होने का दावा करते रहे हैं।

आधी रात अरपा नदी में हो रहा था अवैध रेत उत्खनन।

आधी रात अरपा नदी में हो रहा था अवैध रेत उत्खनन।

टार्च लेकर नदी में उतरे असिस्टेंट कलेक्टर

शुक्रवार की रात प्रशिक्षु आईएएस और कोटा तहसीलदार तन्मय खन्ना, खनिज, पुलिस और वन विभाग के साथ कोटा क्षेत्र में जांच करने निकले। इस दौरान वो हाथ में टार्च लेकर अरपा नदी में उतर गए, जहां करहीकछार और रतखंडी में बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन चल रहा था।

यहां हाईवा और ट्रैक्टर की लाइन लगी थी। टीम ने एक साथ 19 गाड़ियों को जब्त कर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान उनके साथ नायब तहसीलदार राकेश ठाकुर के साथ रात 11 बजे से सुबह 3 बजे तक रेत घाट में जमे रहे।

बेलगहना में पुलिस के हवाले किया जब्त वाहन

इस कार्रवाई के दौरान 11 हाईवा और 4 ट्रैक्टर मौके पर पकड़े गए। इनमें से 4 हाईवा और 4 ट्रैक्टर को तत्काल बेलगहना चौकी पहुंचाया गया, जबकि शेष 7 हाइवा वाहनों को खनिज विभाग की मदद से कब्जे में लेकर बेलगहना चौकी में सुरक्षित खड़ा किया गया। वहीं देर रात खनिज विभाग ने 4 और वाहनों को अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा।

एक माह से चल रहा था अवैध उत्खनन और परिवहन

स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि, पिछले एक महीने से इस क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन बेखौफ तरीके से चल रहा था। इस कार्रवाई के बाद से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की

खनिज विभाग ने घुटकू, कछार और पेण्डरवा क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर पकड़े, जिन्हें कोनी थाने में सुरक्षित रखा गया है। इसके अलावा वन विभाग ने भी वन क्षेत्र में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के मामलों में कार्रवाई की है।

रेत खदान संचालक को नोटिस

जब्त वाहनों को तहसील और थाने में सुरक्षित खड़ा किया गया है। नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर सभी मामलों में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, करहीकछार रेत खदान के संचालक को नोटिस जारी किया जा रहा है।

Exit mobile version