कोरबा। योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता (महिला वर्ग) गीतांजलि भवन पुराना बस स्टैंड में कराई गई। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं तथा महिला पतंजलि की टीम ने एक से बढ़कर एक योगासन की प्रस्तुति दी। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन थे। विशिष्ट अतिथि महापौर संजूदेवी राजपूत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, प्रमोद अग्रवाल, कोरबा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव संजय कुर्मवंशी, दुर्गेश राठौर, सचिन विश्वकर्मा तथा एसोसिएशन की सदस्य उपस्थित रहीं। मंत्री देवांगन ने कहा कि मानव जीवन में योग का महत्व आदिकाल से रहा है। प्राचीन ग्रंथों में भी उल्लेख मिलता है कि ऋषि-मुनि योग को ही साधन बनाकर अनेक बीमारियों का उपचार करते थे। उन्होंने कहा कि आज विज्ञान ने भी सिद्ध किया है कि योग से शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की समस्याओं का समाधान संभव है। प्रधानमंत्री द्वारा योग को विश्व पटल पर पहचान दिलाने के प्रयासों की सराहना की।
महापौर राजपूत ने कहा कि योग स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी साधन है। उन्होंने कहा कि पुराने समय में लोग अपने दैनिक कार्यों से ही स्वाभाविक रूप से फिट रहते थे, वहीं आज की तेज रफ्तार जिंदगी में योग हर उम्र के व्यक्ति के लिए जरूरी हो गया है। योग ध्यान से लेकर आसन तक मन, आत्मा और शरीर तीनों को संतुलित करता है। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
