DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बलौदाबाजार में 10 गायों की भूख-प्यास से मौत:फसल बचाने के चक्कर में तार घेरकर रखा गया था, बदबू आने पर ग्रामीण पहुंचे थे

बलोदा बाजार ,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार को एक तार-घेरे वाले खंडहर में 10 गायें मृत अवस्था में मिली। बताया जा रहा है कि फसल बचाने के चक्कर में कुछ लोगों ने बिना चारा दिए बड़ी संख्या में मवेशियों को वहां रखा था। प्रारंभिक जांच में भूख और प्यास को इनकी मौत का कारण बताया जा रहा है। मामला पलारी थाना क्षेत्र ग्राम भालुकोना का है।

जानकारी के मुताबिक, गांव के बाहर ही एक खंडहर है। जहां तार घेरकर बड़ी संख्या में आवारा मवेशियों को रखा गया था। बताया जा रहा है कि फसलों को बचाने के लिए गांव के कुछ लोगों ने मवेशियों को रखा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

दरअसल, शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को बदबू आने लगी। वो मौके पर पहुंचे तो अलग-अलग जगहों पर 10 गाय मृत अवस्था में मिली। जिसके बाद उन्होंने फौरन मामले की जानकारी पलारी थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी हेमंत पटेल, तहसीलदार लीलाधर कवर और नायब तहसीलदार पंकज बघेल मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाकर मृत गायों को गड्ढा खुदवाकर दफनाया। प्रारंभिक जांच में मोहरा गांव के 4 से 5 लोगों की संलिप्तता सामने आई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जा की जा रही है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version