DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बिहार में पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाया सिपाही:मम्मी-मम्मी बोलकर रोती रही महिला SI, अवैध शराब पकड़ने गए थे

जमुई,एजेंसी। बिहार के जमुई में ग्रामीणों ने पुलिस टीम को दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडों से पीटा। पुलिस कद्दुआ तरी गांव में देसी शराब बनाने की सूचना पर रेड करने पहुंची थी।

ग्रामीणों ने एक कॉन्स्टेबल को पकड़ लिया। भीड़ के आगे सिपाही बेबस दिखाई दिए। वो हाथ जोड़कर लोगों के आगे गिड़गिड़ाते नजर आए।

वहीं महिला SI उर्मिला कुमारी और SI शुभम झा को भी भीड़ ने घेर लिया। इस दौरान महिला SI रोती नजर आईं।

हमले में महिला SI उर्मिला कुमारी, SI शुभम झा समेत 6 से ज्यादा पुलिस वाले घायल हुए हैं। घटना शुक्रवार की है, इसका वीडियो आज शनिवार को वायरल हुआ है।

पुलिस टीम पर हमले की तस्वीरें….

पुलिस टीम को गांव वालों ने दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडे से पीटा।

भीड़ ने सिपाही से हथियार छीनने की कोशिश भी की।

इस दौरान सिपाही खुद को बचाने के लिए भीड़ के आगे हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते नजर आए।

करीब 50 लोगों ने हमला किया

पुलिस पर हमले के वीडियो में दिख रहा है कि महिला-पुरुष समेत 50 के लगभग ग्रामीणों ने पुलिस टीम को भगा-भगाकर लाठी-डंडे से पीटा।

इस बीच कुछ पुलिस कर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं एक सिपाही को एक युवक ने पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ वहां पहुंची और पुलिसकर्मी को डंडे से मारने लगे।

एक शख्स उनके सिर पर हमला करता है, दूसरा युवक उनका हथियार छीनने की कोशिश करता नजर आ रहा है। इस दौरान जवान हाथ जोड़े माफी मांगते नजर आ रहा है।

वो हाथ जोड़कर बार-बार भीड़ से छोड़ देने की मिन्नतें कर रहा है। इस दौरान ग्रामीणों की ओर से गाली-गलौज भी की गई।

भीड़ ने घेरा तो महिला SI रोने लगी

ग्रामीणों ने SI शुभम झा को 200 मीटर तक दौड़ाया। वहीं महिला SI भीड़ का हिंसक रूप देखकर रोने लगी।

दरअसल, कद्दुआ तरी गांव एक आदिवासी बहुल गांव है। जब पुलिस रेड के लिए पहुंची, लोग करमा पर्व को लेकर पूजा-पाठ में जुटे हुए थे। इसी बीच माहौल बिगड़ गया और हमला हो गया।

भीड़ ने महिला SI उर्मिला कुमारी को घेर लिया। जिसके बाद वो ‘मम्मी-मम्मी’ कह कर रोने लगी।

ग्रामीण बोले- पहले पुलिस ने मारपीट की

ग्रामीणों ने बताया कि करमा पर्व के बाद वे लोग अपना डीजे लगाकर गाना-बजाना कर रहे थे। तभी शुक्रवार की शाम बरहट थाने की पुलिस शराब की सूचना पर कदुआतरी गांव पहुंची।

पुलिस टाम ने आदिवासी महिला और बच्चों के साथ मारपीट की। इसके बाद ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर पुलिस के साथ मारपीट की।

पुलिस हिरासत में 13 लोग

पुलिस टीम पर हमले के बाद बरहट थाने की पुलिस ने कदुआतरी गांव में छापेमारी अभियान चलाया। जहां से 13 लोगों को हिरासत में लिया गया और उन्हें थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।

जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए और ढोल-नगाड़े और पारंपरिक हथियार के साथ बरहट थाने पहुंचकर घेराव करने के लिए जुट रहे थे। हालांकि पुलिस ने उन्हें रोक दिया है।

बरहट थाना प्रभारी संजीव कुमार ने कहा, ‘वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही नामजद प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।’

Exit mobile version