DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर-चांपा में 23 वर्षीय युवती ने घर में लगाई फांसी:मियार से चुनरी के फंदे से लटकी मिली, कारण अज्ञात, पुलिस जांच में जुटी

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम धाराशिव में युवती समलेश्वरी पटेल (23) ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बीती रात की है। आत्महत्या का कारण अभी अज्ञात है और पामगढ़ थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

युवती के पिता बेदराम पटेल ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वह सब्जी बेचने के लिए वाहन में सामान रख रहे थे, तो उन्होंने अपनी बेटी समलेश्वरी को जगाने के लिए उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने दरवाजे के छोटे छेद से टॉर्च जलाकर देखा। समलेश्वरी बिस्तर पर नहीं थी।

युवती के आत्महत्या के बाद दुखी परिजन

मियार से चुनरी के फंदे से लटकी मिली युवती

इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी से बात की और बताया कि दरवाजा अंदर से बंद है। किसी तरह दरवाजा खोलने पर उन्होंने देखा कि उनकी बेटी घर के मियार से चुनरी के फंदे से लटकी हुई थी। पिता ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि उनकी बेटी ने यह कदम क्यों उठाया। सोमवार रात को समलेश्वरी ने उनसे कहा था कि पैसे ज्यादा खर्च न करें और 15 तारीख को उनकी पेशी है। उनके बीच किसी प्रकार का झगड़ा भी नहीं हुआ था।

सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ

घटना की सूचना मिलने पर पामगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा, मार्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, समलेश्वरी पटेल ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी अज्ञात है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। जांच-पड़ताल के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा।

Exit mobile version