DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर-चांपा में 15 मिनट के लिए छात्रा बनी कलेक्टर:डिजिटल फास्टिंग, प्लास्टिक मुक्त जिला और पौधे लगाने की अपील की

जांजगीर-चांपा। विश्व बाल दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन और यूनिसेफ ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें ज्ञान मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवागढ़ की कक्षा 11वीं की छात्रा दीक्षा सारथी को 15 मिनट के लिए प्रतीकात्मक कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई। यह जिम्मेदारी कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने दी थी।

इस दौरान दीक्षा सारथी ने छात्र-छात्राओं, युवा पीढ़ी और जिलेवासियों से तीन महत्वपूर्ण अपील कीं, जिनकी सभी अधिकारियों और उपस्थित लोगों ने सराहना की। उन्होंने अपने अपील में एक दिन का डिजिटल फास्टिंग, जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने और पौधा लगाने को कहा।

एक दिन पूरी तरह से स्क्रीन-फ्री डे मनाएं

दीक्षा सारथी की पहली अपील महीने में एक दिन डिजिटल फास्टिंग करने की थी। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी मोबाइल और स्क्रीन के अधिक उपयोग से मानसिक थकान और परिवार से दूरी का सामना कर रही है।

दीक्षा ने सुझाव दिया कि महीने में एक दिन पूरी तरह से स्क्रीन-फ्री डे मनाएं। इस दिन लाइब्रेरी जाएं, प्रेरणादायी किताबें पढ़ें, खेलकूद और आउटडोर गतिविधियों में भाग लें तथा माता-पिता, दादा-दादी और परिवार के साथ समय बिताएं।

उन्होंने बताया कि यह पहल मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और एकाग्रता बढ़ाने में सहायक होगी।

प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने का आग्रह

उनकी दूसरी अपील जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए थी। उन्होंने सभी नागरिकों से सहयोग मांगा और कहा कि बाजार जाते समय हमेशा कपड़े, जूट या कागज का थैला साथ रखें।

उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने का आग्रह किया और कहा कि हर नागरिक की छोटी पहल मिलकर एक बड़े बदलाव का रूप ले सकती है।

पौधा लगाए, सरंक्षण की संकल्प ले

तीसरी अपील ‘एक पेड़ मां के नाम’ से संबंधित थी। दीक्षा ने कहा कि हर नागरिक अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प ले।

उन्होंने हर साल कम से कम एक पौधा मां के नाम से लगाने, लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक हरियाली बढ़ाने के लिए साथियों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने दीक्षा सारथी की सोच और नेतृत्व क्षमता की सराहना की। उन्होंने इस अवसर पर सभी बच्चों को विश्व बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

Exit mobile version