DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कटघोरा नगर पालिका में कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद:बीच सड़क में करने लगे बहस, पार्टी को नुकसान पहुंचाने का आरोप-प्रत्यारोप

कोरबा । कोरबा के कटघोरा नगर पालिका परिषद में कांग्रेसी नेताओं के बीच विवाद हुआ है। पार्टी को नुकसान पहुंचाने के आरोप में दो सीनियर नेता बीच सड़क में बहस करने लगे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, मंगलवार को नए अध्यक्ष राज जायसवाल समेत सभी पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद यह स्थिति बनी। मामला इतना बढ़ गया कि अन्य लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा।

पैसा लेने का गंभीर आरोप

कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप जायसवाल और कटघोरा के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉक्टर शेख इम्तियाज के बीच विवाद हुआ। सुरेंद्र प्रताप जायसवाल ने शेख इम्तियाज पर भाजपा नेत्री सरोज पांडे से मिलकर पैसा लेने का गंभीर आरोप लगाया।

सुरेंद्र प्रताप ने कहा कि इस कारण पार्टी को चुनाव में नुकसान हुआ। हालांकि, डॉक्टर शेख इम्तियाज ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह एक वफादार कांग्रेसी हैं और हमेशा रहेंगे।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विवाद

यह विवाद सांसद ज्योत्स्ना महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व विधायक बोधराम कंवर और पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर जैसे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुआ। वही शपथ समारोह में कुल 15 पार्षदों ने शपथ ली, जिनमें 9 कांग्रेस, 5 भाजपा और 1 निर्दलीय पार्षद शामिल थे।

Exit mobile version