DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

AAP बोली-भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में हम ननकीराम के साथ:संगठन महासचिव ने की पूर्व गृहमंत्री से मुलाकात, कहा-कलेक्टर को संरक्षण देना समझ से परे

रायपुर/कोरबा। आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन महासचिव उत्तम जायसवाल ने सोमवार को पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर से उनके निवास पर मुलाकात की। कोरबा कलेक्टर की कार्यशैली को लेकर चल रहे विवाद पर चर्चा की। इस दौरान जायसवाल ने कंवर के दस्तावेजों का देखा और कहा कि, भ्रष्टाचार के खिलाफ इस लड़ाई में आम आदमी पार्टी ननकी राम कंवर के साथ खड़ी है।

उत्तम जायसवाल ने कहा कि ननकी राम कंवर ने कांग्रेस शासनकाल में पीएससी घोटाले को सबसे पहले उजागर किया था, जिसे जनता के सामने लाने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा। उनके प्रयासों से आज इस घोटाले की जांच चल रही है। उनका यह कदम छत्तीसगढ़ की युवा पीढ़ी के लिए एक मिसाल है।

कलेक्टर को संरक्षण देना समझ से परे- जायसवाल

जायसवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार कलेक्टर पर लगे गंभीर आरोपों की जांच करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि, एक पूर्व गृह मंत्री जब भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, तो सरकार को न्यायिक जांच करानी चाहिए, न कि उन्हें हाउस अरेस्ट करना चाहिए। यह बेहद गंभीर मामला है।

‘मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी के नेता की नहीं सुन रहे’

आम आदमी पार्टी के नेता ने कहा कि, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य के मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता की नहीं सुन रहे। जब पूर्व गृह मंत्री को मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना देने को मजबूर होना पड़ रहा है, तो आम जनता की कौन सुनेगा? यही इस सरकार की असली तस्वीर है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कोरबा जिले में डीएमएफ फंड की बंदरबांट सुनियोजित तरीके से की जा रही है और इसमें प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।

“कंवर जी ईमानदारी की मिसाल हैं”

जायसवाल ने कहा कि ननकी राम कंवर ने अपने मंत्री कार्यकाल में पूरी ईमानदारी से काम किया और कभी भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं हुए। वे चाहते तो अकूत संपत्ति अर्जित कर सकते थे, पर उन्होंने ईमानदारी का रास्ता चुना। यही कारण है कि वे आज इस भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ खड़े हैं।

आम आदमी पार्टी करेगी आगे की रणनीति तय

जायसवाल ने बताया कि पार्टी के पास कोरबा कलेक्टर की कार्यशैली पर गंभीर दस्तावेज प्राप्त हुए हैं। हम प्रदेश नेतृत्व से चर्चा के बाद आगे की रणनीति तय करेंगे।

Exit mobile version