सरगुजा/सूरजपुर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नतीजे सामने आ आए है। बात करें सूरजपुर जिले की तो, यहां पहले चरण में 6 जिला पंचायतों में भाजपा समर्थित 6 प्रत्याशी चुनाव हार गए। वहीं सरगुजा के 7 जिला पंचायत क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस समर्थित 3-3 प्रत्याशी जीते हैं। हालांकि, बलरामपुर जिला पंचायत की सभी सीटों पर भाजपा और भाजपा के बागी जीते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के गृह जिले खरगवां 1 और खरगवां 2 में भी दोनों सीट भाजपा हार गई। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के गृह जिले भटगांव और प्रेमनगर की सारी सीटें भाजपा हार गई। अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में कांग्रेस को बढ़त मिली है।

क्षेत्र क्रमांक 1 से दिव्या सिसोदिया ने जीत दर्ज की।
सरगुजा जिला पंचायत क्षेत्रों का परिणाम
- सरगुजा के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 में भाजपा समर्थित दिव्या सिसोदिया करीब 13 हजार मतों के बड़े अंतर से चुनाव जीत गई हैं। अंतिम परिणाम टेबुलेशन के बाद आएंगे।
- सरगुजा जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2 में मतगणना के दौरान जमकर विवाद हुआ। इस क्षेत्र में युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय तोमर की पत्नी पायल तोमर को करीब 2000 मतों से आगे बताया गया है।
- कांग्रेस ने देर रात तक इस क्षेत्र की मतगणना को लेकर सवाल उठाया। निर्धारित मापदंडों में सर्टिफिकेट मतदान केंद्रों से जारी नहीं किए गए।
क्षेत्र क्रमांक 2 से पायल सिंह तोमर को बढ़त, मतगणना पर विवाद
इन क्षेत्रों में कांग्रेस की जीत
- सरगुजा के क्षेत्र क्रमांक 3 अंबिकापुर तृतीय से कांग्रेस समर्थित अनिमा केरकेट्टा करीब 6 हजार मतों से चुनाव में जीत गई हैं। यहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी फुलेश्वरी सिंह चौथे स्थान पर रही।
- जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 4 लखनपुर प्रथम से कांग्रेस समर्थित मोनिका पैकरा 7 हजार मतों से चुनाव जीत गई हैं। यहां पूर्व सांसद कमलभान सिंह के बेटे देवेंद्र सिंह सहित 9 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
मतगणना को लेकर कई स्थानों पर विवाद
सरगुजा के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 5 लखनपुर द्वितीय से भाजपा समर्थित विजय अग्रवाल ने करीब 9 हजार मतों से बढ़त बनाई है। यहां दूसरे स्थान पर भाजपा के बागी कामेंद्र राजवाड़े रहे। मतगणना को लेकर कई स्थानों पर विवाद की स्थिति बनीं। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे।
सरगुजा जिला पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 6 से राधा रवि करीब 1100 मतों से आगे हैं। राधा रवि कांग्रेस नेत्री हैं। उदयपुर के दोनों सीटों पर सहमति नहीं बनने के कारण कांग्रेस ने अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं किया था।
सरगुजा के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 7 से निर्दलीय रमुनिया देवी ने बढ़त बनाई है। वे कांग्रेस विचारधारा की हैं। कांग्रेस ने इस सीट पर भी समर्थित प्रत्याशी घोषित नहीं किया था।
जनपदों की स्थिति जानिए
सरगुजा में पहले चरण में तीन जनपदों में चुनाव हुए हैं। इनमें अंबिकापुर जनपद में भाजपा-कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। बहुमत अंतिम परिणाम के बाद स्पष्ट हो सकेगा। लखनपुर में भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। उदयपुर क्षेत्र में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने बढ़त बनाई है।
