DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

होली पर्व के मद्देनज़र हुड़दंगियों पर कोरबा पुलिस की सख्त नजर

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन करने वाले 10 आरोपियों पर कार्यवाही

117.7 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त, आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

कोरबा। होली त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत जिलेभर में सघन दबिश एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का भंडारण एवं बिक्री करने वाले 10 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत 10 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। पुलिस द्वारा कुल 117.7 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त की गई है।

कोरबा पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि होली पर्व के दौरान अवैध शराब बिक्री कर हुड़दंग फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार निगरानी एवं पेट्रोलिंग की जा रही है।

कोरबा पुलिस की नागरिकों से अपील
कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन संबंधी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना/चौकी अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Exit mobile version