कोरबा। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के आव्हान पर प्रदेश भर के नगरीय निकायों के प्लेसमेंट कर्मचारियों की अनिश्चित कालीन हड़ताल आज से शुरू हो गयी है। गत 16 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों में इस आशय की सूचना प्रशासन को दी गई थी। दिये गये ज्ञापन के अनुसार आज से सभी प्लेसमेंट कर्मचारियों की अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू हो गयी है। नगर पालिक निगम कोरबा के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने तानसेन चौक रामपुर आईटीआई में सभी कर्मचारी सुबह उपस्थित हुए और सायं तक धरना पर बैठे रहे। महासंघ की मांग है कि प्रदेश भर के 20 हजार से अधिक प्लेसमेंट कर्मचारियों, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों, ठेकाकर्मचारियों को तृतीय एवं चतुर्थ कर्मचारी के समकक्ष वेतनमान दिया जाये और इन्हें नियमित किया जाये। इसके अलावा विभिन्न मांगों को लेकर निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने अनिश्चित कालीन हड़ताल प्रारंभ कर दी है।
नगरीय निकाय चुनाव होगा प्रभावित
नगरीय निकाय चुनाव नजदीक है, ऐसे में प्लेसमेंट कर्मचारियों की हड़ताल से चुनाव में लगे कर्मचारियों की हड़ताल में जाने से वोटर आईडी में सुधार, परिसीमन, सीमांकन, वोटर लिस्ट में काम सहित चुनाव के कई कार्य प्रभावित होंगे। सरकार ने प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की हड़ताल रोकने प्रयास किया, लेकिन बात न बनने पर महासंघ ने आज से अनिश्चित कालीन हड़ताल प्रारंभ कर दी है।
कामकाज प्रभावित
नगरीय निकायों में नियमित कर्मचारी कम होने के कारण प्लेसमेंट कर्मचारियों का नियोजन किया गया है और ये प्लेसमेंट कर्मचारी ऑफिस वर्क के साथ फिल्ड में भी तैनात किये गये है। इनकी हड़ताल में जाने से कई महत्वपूर्ण कार्य नहीं हो पायेंगे।

