DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नेस्ले के लिए वृद्धि का प्रमुख इंजन बना रहेगा भारत : सीईओ

नई दिल्ली, एजेंसी। स्विट्जरलैंड की खाद्य एवं पेय क्षेत्र की प्रमुख कंपनी नेस्ले एसए के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) फिलिप नावराटिल ने कहा कि भारत कंपनी के लिए मजबूत वृद्धि का प्रमुख इंजन बना रहेगा। हालांकि कर ढांचे में बदलाव से मिलने वाला लाभ तीसरी तिमाही से कम होने लगेगा लेकिन इसके बावजूद भारतीय बाजार में दोहरे अंक की वृद्धि जारी रहने की उम्मीद है। नेस्ले की आय संबंधी जानकारी देते हुए नावराटिल ने भारत के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि दक्षिण एशिया, विशेषकर भारत, का प्रदर्शन ”बेहद मजबूत” रहा।

उन्होंने इसका श्रेय उत्पादों की उपलब्धता, वितरण नेटवर्क और ब्रांड समर्थन के बेहतर क्रियान्वयन को दिया। भारत, नेस्ले एसए के एशिया, ओशिनिया एवं अफ्रीका (एओए) क्षेत्र का हिस्सा है। कंपनी ने 2026 की दूसरी तिमाही में इस क्षेत्र के मजबूत प्रदर्शन की जानकारी दी। एक सवाल के जवाब में नावराटिल ने कहा, “भारत निश्चित रूप से हमारे लिए वृद्धि का प्रमुख इंजन है।” भारत के बाजार के दृष्टिकोण के बारे में उन्होंने कहा कि हाल के कर सुधारों से मिला अतिरिक्त लाभ तीसरी तिमाही से समाप्त हो जाएगा। 

उन्होंने कहा, “बिक्री कर में बदलाव से हमें कुछ अतिरिक्त लाभ मिला था और तीसरी तिमाही से उसका प्रभाव समाप्त हो जाएगा।” वह यहां माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में हुए बदलावों की बात कर रहे थे जिनके तहत सरकार ने खाद्य उत्पादों को कम कर दर की श्रेणी में रखा था। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद वृद्धि की रफ्तार मजबूत बनी रहेगी। नावराटिल ने कहा, “हमें अब भी भारत से दोहरे अंक की वृद्धि की उम्मीद है।” कंपनी ने अपनी आय संबंधी रिपोर्ट में कहा कि एओए क्षेत्र में 2026 की दूसरी (अप्रैल-जून) तिमाही में सभी प्रमुख उत्पाद श्रेणियों और अधिकांश बाजारों में व्यापक आधार पर वृद्धि दर्ज की गई। इस क्षेत्र की जैविक वृद्धि 6.5 प्रतिशत रही।  

Exit mobile version