DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

50 लाख खर्च डंकी रूट से अमेरिका गया भारतीय युवक, सोते हुए मिली भयानत मौत, आग में जिंदा जल गया हरियाणा का बेटा

करनाल, एजेंसी। अमेरिका के टेक्सास में एक दर्दनाक हादसे में हरियाणा के करनाल जिले के युवक सुखविंद्र सिंह की आग में जलकर मौत हो गई। वह एक फूड स्टोर में काम करता था, जहां अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी, उस वक्त सुखविंद्र और स्टोर मालिक अंदर ही सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। दमकल टीम ने आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी।मृतक सुखविंद्र सिंह (22) करनाल के गांव गंगाटेहड़ी का रहने वाला था। वह करीब चार साल पहले ‘डंकी रूट’ के जरिए अमेरिका गया था।

परिवार ने उसे विदेश भेजने के लिए करीब 50 लाख रुपये खर्च किए थे, यहां तक कि जमीन भी बेचनी पड़ी थी। सुखविंद्र अपने परिवार का इकलौता बेटा था और बेहतर भविष्य के लिए विदेश गया था। वह 12वीं पास था और काफी संघर्ष के बाद उसे यह नौकरी मिली थी। लेकिन इस हादसे ने उसके सारे सपनों को खत्म कर दिया। हादसे में स्टोर मालिक विक्रांत, जो पंजाब के मोहाली का रहने वाला था, उसकी भी मौत हो गई। दोनों काम खत्म करने के बाद अक्सर स्टोर में ही सोते थे।

घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि आग से बचने के लिए दोनों बाथरूम में छिपे, लेकिन आग वहां तक भी पहुंच गई। बाद में उनके शव वहीं मिले। परिवार का कहना है कि सुखविंद्र को विदेश भेजने के लिए उन्होंने अपनी जमीन तक बेच दी थी। अब बेटे की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। शव की पहचान डीएनए के जरिए होगी, क्योंकि वह पूरी तरह जल चुका है। परिवार की कोशिश है कि शव भारत लाया जाए, जिसमें 8 से 10 दिन लग सकते हैं। अगर ऐसा संभव नहीं हुआ, तो अमेरिका में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Exit mobile version