ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने 10वां गोल्ड मेडल जीत लिया है। जैस्मिन लांबोरिया (57 KG), प्रीति पवार (54 KG) और साक्षी चौधरी (51 KG) के बाद प्रिया घंघास (60 kg) ने विमेंस बॉक्सिंग का फाइनल जीता। इसके अलावा, सोमन राणा ने पैरा शॉटपुट की F57 कैटेगरी में गोल्ड जीता।
जैस्मिन ने फाइनल में नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकाएला वॉल्स और प्रीति ने कनाडा की सवाना डोलमागो को हराया। साक्षी ने विमेंस 51 किग्रा वेट कैटेगरी में इंग्लैंड की रूबी वाइट को 5-0 से हराया। वहीं, मेंस 55 KG कैटेगरी में जादुमणि सिंह को सिल्वर मिला। वे ऑस्ट्रेलिया के जाई डिकस्न से फाइनल हार गए।
भारत के 10 गोल्ड सहित कुल 33 मेडल हो गए हैं। भारत मेडल टैली में 5वें स्थान पर पहुंच गया है।
दैनिक भास्कर कार्टूनिस्ट मंसूर नकवी की नजर से मेडल सेरेमनी…

साक्षी चौधरी ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड मेडल महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में भारत की साक्षी चौधरी ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और यूनानिमस डिसीजन 5-0 से जीत हासिल की। साक्षी ने मुकाबले के दौरान बेहतरीन रणनीति अपनाई। उन्होंने बाएं हाथ से प्रतिद्वंद्वी के पंचों को रोका और दाएं हाथ से लगातार सटीक जवाबी हमले किए। उनके कई पंच सीधे प्रतिद्वंद्वी के चेहरे पर लगे, जिससे मुकाबले में उनकी पकड़ मजबूत होती गई।
प्रिया घंघास का मैच जारी
भारत के 6 और मुक्केबाज गोल्ड मेडल के लिए फाइनल में उतरेंगे। रात 9:15 बजे प्रिया घंघास (60 KG), 9:30 बजे अरुंधति चौधरी (70 KG), 10:15 बजे लवलीना बोरगोहेन (75 KG), 10:45 बजे सचिन सिवाच (60 KG), 11:15 बजे अंकुश पंघाल (80 KG) और 11:45 बजे नरेंद्र बरवाल (90+ KG) अपने-अपने फाइनल मुकाबले खेलेंगे।
उन्नति शर्मा ने जूडो में जीता ब्रॉन्ज मेडल महिलाओं के 63 किलोग्राम वर्ग में भारत की उन्नति शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोस्टर को हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। उन्नति ने मुकाबला महज 1 मिनट 7 सेकेंड में इप्पोन के जरिए जीत लिया। मुकाबले की शुरुआत से ही उन्नति आक्रामक नजर आईं। उन्होंने सही मौके का फायदा उठाते हुए प्रतिद्वंद्वी का संतुलन बिगाड़ा और उन्हें पीठ के बल गिरा दिया। इस शानदार मूव पर उन्हें इप्पोन मिला, जो जूडो में एक ही दांव पर मिलने वाला सर्वोच्च स्कोर होता है। उन्नति ने पूरे मुकाबले में कोई शिडो या युको नहीं गंवाया और एक ही निर्णायक दांव के दम पर जीत हासिल कर ली। जीत के साथ ही उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित किया।
सोमन ने सीजन बेस्ट थ्रो के साथ गोल्ड जीता, शुभम को सिल्वर
पैरा शॉट पुट इवेंट की F-57 कैटेगरी में भारत के सोमन राणा ने सीजन बेस्ट थ्रो के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। एक अन्य भारतीयय शुभम जुयाल ने सिल्वर पाया।
सोमन राणा ने 13.40 मीटर गोला फेंका। शुभम जुयाल ने 13.28 मीटर थ्रो किया। F-57 कैटेगरी में वे खिलाड़ी आते हैं, जिनके कम के नीचे के अंग (पैरों) कमजोर होते हैं। लेकिन उनके ऊपरी शरीर (धड़ और हाथ) की ताकत पूरी तरह सामान्य होती है।
ट्रिपल जंप में भारत के दो और मेडल
भारत ने पुरुष ट्रिपल जंप में दो और मेडल जीत लिए हैं। प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर के जंप अटैम्प्ट के साथ सिल्वर अपने नाम किया। वहीं, भारत के ही सेल्वा प्रभु ने 16.52 के बेस्ट अटैम्प्ट के साथ ब्रॉन्ज जीता। इस इवेंट का गोल्ड जाम्बिया के जॉर्डन स्कॉट ने जीता। उनका बेस्ट अटैम्प्ट 16.72 मीटर का रहा।
प्रीति पेरिस ओलिंपिक में हिस्सा ले चुकीं
हरियाणा की बॉक्सर प्रीति ने 2022 एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज और 2023 एशियन गेम्स में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता। प्रीति 2024 पेरिस ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। 2026 एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता, जबकि 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में भी गोल्ड अपने नाम किया। प्रीति की ट्रेनिंग NS NIS पटियाला में होती है।
जैस्मिन ने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज जीता था
हरियाणा की बॉक्सर जैस्मिन लांबोरिया 57 KG कैटेगरी में फिलहाल इस वर्ग में दुनिया की नंबर-1 बॉक्सर हैं। उन्होंने 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप और वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में गोल्ड जीता है। जैस्मिन 2024 पेरिस ओलिंपिक में भारत के लिए खेल चुकी हैं और 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं।
