DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

भारत की श्री चरणी दुनिया की नंबर-1 टी-20 गेंदबाज बनी:विमेंस वर्ल्डकप में 10 विकेट ले चुकीं, बैटिंग में मंधाना टॉप-5 में

मुंबई, एजेंसी। 21 साल की भारतीय स्पिनर श्री चरणी विमेंस टी-20 इंटरनेशनल बॉलिंग रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंच गई हैं। उन्होंने इंग्लैंड की स्पिनर लिंसी स्मिथ को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है।

श्री चरणी को महिला टी-20 वर्ल्डकप 2026 में शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है। वह फिलहाल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उन्होंने 3 मैचों में 10 विकेट लिए हैं। वहीं, 6 विकेट लेने वाली दीप्ति शर्मा गेंदबाजी रैंकिंग में 8वें स्थान पर हैं।

बैटिंग रैंकिंग में स्मृति मंधाना टॉप-5 में बनी हुई हैं। उन्होंने इस वर्ल्डकप में पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा शेफाली वर्मा 6वें और कप्तान हरमनप्रीत कौर 10वें स्थान पर हैं।

चरणी ने दीप्ति को पीछे छोड़ा, यंगेस्ट इंडियन बनीं

चरणी भारत की ओर से बॉलिंग रैंकिंग में नंबर-1 बनने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी भी बन गई। इससे पहले भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा 27 साल की उम्र में 23 दिसंबर 2025 को पहली बार नंबर-1 बनी थीं।

बाएं हाथ की स्पिनर चरणी ने पिछले साल 28 जून को इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी-20 मैच खेला था। वे एक साल के भीतर दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज बन गईं। वहीं दीप्ति ने 31 जनवरी 2016 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में अपना टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था और टॉप रैंकिंग तक पहुंचने में उन्हें लगभग 10 साल लगे थे।

चरणी ने मौजूदा महिला टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 3/21, नीदरलैंड्स के खिलाफ 4/19 और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3/24 के आंकड़े दर्ज किए हैं। उन्होंने अब तक 23 टी-20 मैचों में 38 विकेट लिए हैं। बेस्ट 12 रन देकर 4 विकेट हैं।

पूर्व नंबर-1 गेंदबाज लिंसी स्मिथ तीसरे स्थान पर पहुंचीं

इंग्लैंड की ऑफ स्पिनर चार्ली डीन 3 मैचों में 5 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं पूर्व नंबर-1 गेंदबाज लिंसी स्मिथ तीसरे स्थान पर खिसक गईं। इंग्लैंड की ही स्टार स्पिनर सोफी एकलस्टन चार स्थान की छलांग लगाकर चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं।

वेस्टइंडीज की कप्तान हैली मैथ्यूज 9 स्थान ऊपर चढ़कर 11वें, ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज किम गार्थ 25 स्थान की छलांग लगाकर 20वें और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना10 स्थान ऊपर चढ़कर 25वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

बैटर्स रैंकिंग में 3 भारतीय

भारत की तीन बल्लेबाज टॉप-10 में शामिल हैं। उपकप्तान स्मृति मंधाना 749 रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर बरकरार हैं। ओपनर शेफाली वर्मा एक स्थान ऊपर चढ़कर छठे और कप्तान हरमनप्रीत कौर एक स्थान के फायदे के साथ 10वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

स्मृति मंधाना पाकिस्तान के खिलाफ शॉट खेलते हुए।

ऑस्ट्रेलियन ओपनर जॉर्जिया वॉल नंबर-1 बैटर

ऑस्ट्रेलिया की ओपनर जॉर्जिया वॉल 829 रेटिंग के साथ नंबर-1 बैटर बनी हुई हैं। उन्होंने मौजूदा वर्ल्ड कप के 3 मैचों में 62 रन बनाए हैं। उनकी हमवतन बेथ मूनी एक स्थान के फायदे के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गई हैं, जबकि साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट तीसरे स्थान पर हैं।

ऑलराउंडर में दीप्ति चौथे नंबर पर बरकरार

भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा 364 रेटिंग अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई हैं। वह ऑलराउंडर रैंकिंग के टॉप-10 में शामिल एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज टॉप पर कायम हैं। न्यूजीलैंड की अमिलिया कर दूसरे नंबर पर हैं।

श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू तीसरे, आयरलैंड की ऑर्ला प्रेंडरगास्ट पांचवें और पाकिस्तान की फातिमा सना छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। साउथ अफ्रीका की ऑलराउंडर मारीजान कैप भारत के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच प्रदर्शन के बाद पांच स्थान की छलांग लगाकर नौवें नंबर पर पहुंच गई हैं। उन्होंने 81 रन बनाने के साथ 2 विकेट लिए थे।

Exit mobile version