DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

उद्योग मंत्री देवांगन ने गेड़ी चढ़कर मनाया हरेली पर्व

दादरखुर्द और बालको नगर में पारंपरिक खेलों में हुए शामिल, जगह-जगह नारियल फेंक का आयोजन

कोरबा। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन गुरुवार को दादरखुर्द भगवान जगन्नाथ मंदिर परिसर और बालको नगर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित हरेली पर्व में शामिल हुए। दादरखुर्द में मंत्री देवांगन ने नांगर और कृषि कार्य में उपयोग होने वाले सामग्रियों की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर वे हरेली पर्व के रंग में पूरी तरह रंगे नज़र आए।

मंत्री देवांगन गेड़ी चढ़कर पारंपरिक खेलों में सम्मिलित हुए। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी भी उपस्थित रहे।

उन्होंने प्रदेश के पारंपरिक पर्व हरेली तिहार के अवसर पर आम नागरिकों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है। हरियाली अमावस्या को मनाया जाने वाला हरेली त्यौहार छत्तीसगढ़ के जनजीवन में व्यापक प्रभाव रखता है। इस दिन किसान भाई नांगर (हल) एवं कृषि औजार की पूजा करते हैं।

यह हमारी कृषि प्रधान संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। हरेली पर्व का महत्व धरती को हरा-भरा बनाए रखने के लिए पेड़-पौधों की महत्ता को भी प्रदर्शित करता है।

राष्ट्रीय स्वयं संघ के सदस्य काफी संख्या में सुबह से ही हरेली पर्व मनाते नजर आए। वे बुधवारी से होते हुए निहार के सुभाष चौक तक नारियल फेंकते हुए जय घोष के नारे लगाते रहे। राष्ट्रीय स्वयं संघ के एक सदस्य ने बताया कि हरेली त्यौहार छत्तीसगढ़ के लोगों का पारंपरिक त्यौहार है। इसे बड़े धूमधाम से मनाया जाता है।

इसी उपलक्ष्य में आज सभी सदस्यों ने नारियल फेंक कर हरेली त्यौहार मनाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने विधि-विधान से पूजा-पाठ कर इस त्यौहार को मनाया।

Exit mobile version