गुरुग्राम,एजेंसी। हरियाणा के गुरुग्राम में जूनियर इंटरनेशनल टेनिस प्लेयर राधिका यादव (25) की उसके ही पिता दीपक यादव ने गोली मारकर हत्या कर दी। दीपक ने पिस्टल से कुल 5 गोलियां चलाईं, जिसमें एक कंधे पर और 3 पीठ में लगीं। वहीं एक फायर मिस हुआ। इस दौरान राधिका बचाव के लिए भागी भी थीं।
सेक्टर 57 में प्राइवेट एजेंसी के सिक्योरिटी गार्ड प्यारे लाल ने बताया कि राधिका की हत्या के बाद आरोपी पिता बाहर आया और कहा- मैंने बेटी को मार दिया। राधिका की मां का कल जन्मदिन था। घटना गुरुवार की है। पुलिस ने आरोपी दीपक यादव को घर से ही अरेस्ट किया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राधिका टेनिस एकेडमी चलाती थीं, उससे अच्छी कमाई हो रही थी। उसके पिता को लोग ताने मारते थे कि बेटी की कमाई खा रहा है। इससे वह नाराज था।
परिजन के मुताबिक राधिका को टेनिस एकेडमी खोलने के लिए पिता ने ही सवा करोड़ रुपए दिए थे। लेकिन महीनेभर बाद ही एकेडमी बंद करने के लिए बेटी पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था।
परिवार से यह भी पता चला कि एकेडमी को लेकर 15 दिन से बाप-बेटी में रोजाना झगड़ा हो रहा था। गुरुवार को भी पिता ने उसे टेनिस एकेडमी बंद करने को कहा, लेकिन राधिका नहीं मानी और दोनों में बहस हुई। जिसके बाद आरोपी पिता ने गुस्से में आकर उसे गोलियां मार दीं।
हालांकि, पहले सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर हत्या करने की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस ने इससे इनकार किया है। पुलिस ने आरोपी पिता को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
राधिका का ये फुटेज एक गाने के वीडियो से लिया गया है। (सोर्स-लिटिल लायंस फिल्म्स)
चाचा की FIR में क्या, 3 पॉइंट में पढ़िए
1. किचन में खाना बनाते वक्त 3 गोलियां मारीं
आरोपी दीपक के भाई कुलदीप यादव ने पुलिस को दी शिकायत की है। कुलदीप ने कहा कि वजीराबाद गांव में स्थित घर की पहली मंजिल पर दीपक, उसकी पत्नी मंजू और बेटी राधिका रहते थे, जबकि मैं अपने परिवार के साथ ग्राउंड फ्लोर पर रहता हूं। गुरुवार सुबह दीपक का राधिका के साथ एकेडमी बंद करने को लेकर विवाद हुआ। जब राधिका किचन में खाना बना रही थी, उसी वक्त दीपक ने पीछे से उसे अपनी लाइसेंसी पिस्टल से 3 गोलियां मार दीं।
2. रसोई में खून से लथपथ पड़ी थी राधिका
कुलदीप ने कहा कि सुबह के समय मैं ग्राउंड फ्लोर पर था। मैंने तेज आवाज सुनी और जब मैं पहली मंजिल पर गया तो राधिका को रसोई में खून से लथपथ पड़े पाया। जबकि पिस्टल ड्राइंग रूम में पड़ी थी। मैं और मेरा बेटा उसे एशिया मैरिंगो अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
3. मर्डर के बाद वहीं बैठा रहा पिता
कुलदीप ने कहा कि मेरे भाई ने पाॅइंट थ्री टू बोर की पिस्टल का इस्तेमाल किया और वह उसी की थी, जिसका लाइसेंस भी है। राधिका किचन में खून से लथपथ पड़ी थी और दीपक भी पास में बैठा था। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दीपक को हिरासत में ले लिया।

यह फोटो 8 फरवरी 2023 की है। मैदान पर खिलाड़ियों के साथ सफेद टी-शर्ट में खड़ीं राधिका।
पोस्टमॉर्टम किया जा रहा, परिजन भी पहुंचे
गुरुग्राम के सिविल अस्पताल में राधिका के शव का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। ये पोस्टमॉर्टम 3 डॉक्टरों का पैनल कर रहा। वीडियोग्राफी भी की जा रही है। परिजन भी अस्पताल पहुंचे हैं।
मां बोली- मैं घटना के वक्त घर पर नहीं थी
राधिका की मां मंजू यादव ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थीं। उन्हें बुखार था। हालांकि राधिका के चाचा कुलदीप का कहना है कि फायरिंग के वक्त राधिका की मां घर की पहली मंजिल पर मौजूद थी।
एक मैच के दौरान साथी खिलाड़ी से हाथ मिलाती हुईं सफेद टीशर्ट में राधिका यादव।
