सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गौ-तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। हसौद थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में आंध्र प्रदेश के दो और छत्तीसगढ़ का एक व्यक्ति शामिल है।
पुलिस ने 82 मवेशी, एक कंटेनर वाहन, एक पायलटिंग कार और मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कीमत 64 लाख 52 हजार रुपए है। गिरफ्तार आरोपियों में आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम के विय्यापु अप्पलकोण्डा, चप्पा नौकराजु और छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुरूषोत्तम कुर्रे शामिल हैं।

मंडी में रखा गया सभी मवेशियों को
जब्त किए गए वाहनों में कंटेनर (MH 20 EL 1455) और कार (CG 22 Z 7262) शामिल हैं। सभी मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण जैजैपुर के पशु चिकित्सक ने किया। मवेशियों को हसौद मंडी परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
इस नेटवर्क के छह अन्य आरोपी फरार हैं। इनमें मिट्ठू बंजारे, ओमप्रकाश बंजारे, सुधेश प्रदीप, ईश्वर, अनिष केपी और योगेश बंजारे शामिल हैं। पुलिस ने विशेष टीम बनाकर इनकी तलाश शुरू कर दी है।
