DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

ईरान ने नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी दिखाई:बैलिस्टिक-क्रूज मिसाइलों के साथ लॉन्चर भी मौजूद, जंग के बाद तीसरी बार जारी किया वीडियो

तेहरान, एजेंसी। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी का वीडियो जारी किया है। इसमें बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ उन्हें लॉन्च करने वाले सिस्टम भी रखे दिखाई दिए।

IRGC से जुड़ी न्यूज एजेंसी तस्नीम ने मंगलवार को इस मिसाइल सिटी की तस्वीरें जारी कीं। हालांकि यह नहीं बताया गया कि यह ठिकाना कहां है या इसमें कितनी मिसाइलें हैं।

जंग शुरू होने के बाद यह तीसरी बार है, जब ईरान ने अपने अंडरग्राउंड मिसाइल ठिकानों का वीडियो दुनिया को दिखाया है।

ईरान की अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी की तस्वीरें…

अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी के उद्घाटन में ईरान के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही और IRGC के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल माजिद मौसवी शामिल हुए थे।

ईरान ने मंगलवार को यह वीडियो शेयर किया। इसमें कई तरह के हथियार अंडरग्राउंड गलियारो में नजर आ रहे हैं।

अमेरिका को अपनी तैयारी दिखा रहा ईरान

ईरान ने यह वीडियाे ऐसे समय साझा किया है, जब अमेरिका उस पर प्रतिबंध जारी रखे हुए है और उसकी नौसैनिक नाकेबंदी भी कर रहा है।

गल्फ न्यूज के मुताबिक, इस मिसाइल सिटी को दिखाकर ईरान यह संदेश देना चाहता है कि हमलों के बावजूद उसकी सैन्य ताकत बनी हुई है।

जमीन के नीचे मिसाइल बनाने और रखने की व्यवस्था से ईरान अपने हथियारों को हवाई हमलों से बचाना चाहता है। इसके लिए वह सैन्य ठिकानों को अलग-अलग जगहों पर बना रहा है और उन्हें जमीन के नीचे छिपा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान IRGC कमांडर माजिद मौसवी ने चेतावनी भी दी कि जरूरत पड़ने पर ईरान अपने दुश्मनों के ठिकानों पर पूरे इलाके में और उससे बाहर भी हमला कर सकता है।

ईरानी मिसाइलों के साथ चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही और IRGC कमांडर माजिद मौसवी दिखाई दे रहे हैं।

ईरानी मिसाइलों के साथ चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही और IRGC कमांडर माजिद मौसवी दिखाई दे रहे हैं।

ईरान के पास अब कितनी मिसाइलें बचीं, यह साफ नहीं

ईरान की सैन्य ताकत में मिसाइलों की अहम भूमिका है। हालांकि, अमेरिकी और इजराइली हमलों के बाद उसके पास कितनी मिसाइलें बची हैं और अंडरग्राउंड ठिकानों में कितनी रखी हैं, इसका सही आंकड़ा सामने नहीं आया है।

  • अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने 2022 में ईरान के पास 3000 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें होने का अनुमान लगाया था। लंबे समय तक इसी आंकड़े को उसके मिसाइल भंडार का आधार माना गया।
  • इस साल की शुरुआत में इजराइली सेना ने उसके पास करीब 2500 मिसाइलें होने का अनुमान लगाया था। साथ ही बताया था कि ईरान हर महीने दर्जनों नई मिसाइलें बना रहा है।
  • रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के पास अब लगभग 1000 से 1500 मिसाइलें ही इस्तेमाल करने लायक बची हैं।

ईरान ने पहले से बड़ी संख्या में खैबर शिकन मिसाइलों के बूस्टर बनाए हैं। अब इन बूस्टर का इस्तेमाल फत्ताह-1 हाइपरसोनिक ग्लाइडर को आगे बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।

ईरान जमीन के नीचे ही मिसाइल बना रहा

IRGC प्रवक्ता हुसैन मोहेबी ने बताया कि ईरान ने मिसाइल और ड्रोन बनाने वाली फैक्ट्रियों को जमीन के ऊपर से हटाकर अंडरग्राउंड ठिकानों में शिफ्ट कर दिया है। इन जगहों को उन्होंने सिर्फ हथियार रखने का ठिकाना नहीं, बल्कि ‘मिसाइल बनाने वाले शहर’ बताया।

मोहेबी के मुताबिक, ईरान के पास हथियार बनाने की अपनी तकनीक है। इससे वह भारी बमबारी के बावजूद मिसाइल और ड्रोन बनाने का काम जारी रख सकता है।

ईरान की IRGC एयरोस्पेस फोर्स मिसाइल और ड्रोन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालती है। जमीन के नीचे फैक्ट्रियां और भंडार बनाने का मकसद उन्हें हवाई हमलों से बचाना और हमले होने के बाद भी मिसाइल बनाने और लॉन्च करने की क्षमता बनाए रखना है।

ईरान के पास 30 अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी

ईरान के पास पूरे देश में फैला भूमिगत मिसाइल ठिकानों का नेटवर्क है। ईरान इंटरनेशनल की पड़ताल के मुताबिक, ऐसे करीब 30 ठिकाने हैं।

ये तेहरान, इस्फहान, तबरीज, करमानशाह और खोर्रमाबाद समेत कई इलाकों में फैले हैं। हालांकि, 11 नवंबर को जारी वीडियो में दिखाए गए ठिकाने की सही जगह का खुलासा नहीं हुआ है।

ईरान ने अपने दक्षिणी इलाकों में भी मिसाइल ठिकानों का नेटवर्क बनाया है। इनका मकसद फारस की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट में अपनी सैन्य ताकत बनाए रखना है। इन ठिकानों से सऊदी अरब, बहरीन, कतर, यूएई और ओमान जैसे देशों के साथ समुद्री रास्तों तक मिसाइलों की पहुंच बनाई जा सकती है।

Exit mobile version