DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के पहिए में फंसा लोहे का एंगल:कड़ी मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने निकाला, मड़वारानी स्टेशन पर चल रहा था फुट ओवरब्रिज काम

कोरबा। कोरबा के मड़वारानी स्टेशन के पास छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। चलती ट्रेन के पहिए के नीचे एक लोहे का एंगल फंस गया। एंगल दोनों पहियों के नीचे ‘एल’ आकार में फंसा था। घटना के बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया। कई यात्रियों ने नीचे उतरकर घटना का वीडियो और फोटो बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पहिए में फंसे एंगल को निकालने का प्रयास शुरू किया। एंगल को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कर्मचारियों ने गैस कटर मंगाने की बात भी कही। आखिरकार कड़ी मेहनत के बाद एंगल को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का चल रहा था काम

बताया जा रहा है कि मड़वारानी स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का काम चल रहा था। पटरी के किनारे रखा एक एंगल ट्रेन के गुजरते समय पहिए के नीचे आ गया। लोको पायलेट ने समय रहते इसकी सूचना स्टेशन मास्टर और अधिकारियों को दी, जिससे ट्रेन को रोका जा सका और एक बड़ा हादसा टल गया। यदि ट्रेन नहीं रुकती तो वह पटरी से उतर सकती थी।

इस घटना में फुट ओवरब्रिज निर्माण कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। रेलवे के कोरबा एआरएम उत्कर्ष गौरव ने बताया कि ट्रैक पर कुछ समस्या आई थी, जिसे तत्काल ठीक कर लिया गया। उन्होंने किसी तरह की बड़ी परेशानी से इनकार किया।

Exit mobile version