नई दिल्ली,एजेंसी। इजराइल-ईरान जंग के कारण बीते दो दिन में भारत में 760+ इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल हो चुकी हैं। आज भी दिल्ली एयरपोर्ट पर 87 फ्लाइट कैंसिल रहीं। दिल्ली, मुंबई, कोच्चि, बेंगलुरु, चेन्नई, जयपुर, अहमदाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स पर हजारों यात्री फंसे हुए हैं।
बहरीन में स्थित भारतीय दूतावास ने X पर जानकारी देते हुए बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए इंडियन कांसुलर एप्लीकेशन सेंटर (ICAC) ने भारतीय वीजा और पासपोर्ट सर्विस अगले नोटिस तक बंद करने का फैसला किया है।
ओमान की खाड़ी में सोमवार को एक तेल टैंकर पर बम से लैस ड्रोन बोट से हमला किया गया, जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात को देखते हुए और अबू धाबी के BAPS हिंदू मंदिर को 9 मार्च तक विजिटर्स के लिए बंद किया गया है।
इधर पीएम नरेंद्र मोदी ने आज इजराइल-ईरान जंग के बीच दिल्ली में कनाडा के पीएम मार्क कार्नी से मुलाकात के बाद कहा- पश्चिम एशिया में हालात चिंताजनक हैं। भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम करेगा। हम बातचीत से समस्या का समाधान निकालने के पक्ष में हैं।
खामेनेई की मौत पर भारत में प्रदर्शन
इधर, जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर विरोध प्रदर्शन हुए। श्रीनगर के बेमिना इलाके में सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस भी छोड़ी। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। शोपियां, बारामूला, बांदीपोरा में लोगों ने बाजार बंद रखा।
श्रीनगर के बेमिना इलाके में सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।
PoK में हिंसक प्रदर्शन-विरोध
भारत के अलावा पाकिस्तान में भी खामेनेई की मौत के विरोध में हंगामा जारी है। आज सुबह पाकिस्तान के कब्जे वाला जम्मू-कश्मीर (PoK) में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है।
गिलगित-बाल्टिस्तान में प्रदर्शनकारियों ने यूनाइटेड नेशंस के ऑफिस में आग लगाई। वहीं, स्कर्दू में एसपी ऑफिस और कई सरकारी इमारतों को जला दिया। इस दौरान सुरक्षाबलों की ओर से की गई फायरिंग में 7 प्रदर्शनकारी मारे गए, 12 से ज्यादा घायल हैं।
इससे पहले रविवार को पाकिस्तान के कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में खामेनेई की मौत के विरोध में हंगामा हुआ था। घुसपैठ करने वाले प्रदर्शनकारियों पर दूतावास के अंदर से गोलियां चलाई गई थीं। अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। 10 से ज्यादा घायल हैं।
देश-दुनिया में प्रदर्शन की तस्वीरें…

तेलंगाना के हैदराबाद के पुराने शहर में खामेनेई की मौत के बाद इजराइल-अमेरिका के विरोध में रविवार को लोग सड़कों पर उतर आए।
नई दिल्ली में अंजुमन-ए-हैदरी के सदस्यों ने दरगाह शाहे मर्दा जोर बाग में खामेनेई की मौत के बाद कैंडल मार्च निकाला और अमेरिका-इजरायल का पुतला जलाया।
पाकिस्तान के पेशावर में खामेनेई की हत्या की निंदा करने के लिए एक रैली के दौरान शिया मुसलमानों ने अमेरिका के खिलाफ नारे लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
पाकिस्तान के लाहौर में अमेरिकी दूतावास के गेट पर प्रदर्शनकारियों ने पत्थर फेंके। यहां हुए हमलों में 10 लोगों की मौत हुई है।
पाकिस्तान के इस्लामाबाद में रैली के दौरान US एम्बेसी तक रैली निकाल रहे शिया मुसलमानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस अधिकारी आंसू गैस के गोले दागे।
ईरान में 10 हजार भारतीय
ईरान में करीब 10 हजार भारतीय नागरिक रहते हैं, पढ़ते और काम करते हैं। जबकि 40,000 से ज्यादा इजराइल में रहते हैं। गल्फ और वेस्ट एशिया में करीब 90 लाख भारतीय हैं।
मिडिल ईस्ट देशों में भारतीय दूतावासों ने जारी की एडवाइजरी
कुवैत में भारतीय एम्बेसडर, एम्बेसडर परमिता त्रिपाठी ने कुवैत में भारतीय समुदाय के लगभग 100 जाने-माने सदस्यों और भारतीय एसोसिएशन के प्रमुखों के साथ एक वर्चुअल बातचीत की।
इनमें कुवैत, ऑस्ट्रिया, ओमान, लेबनान के भारतीय दूतावासों ने वहां फंसे भारतीयों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है।
राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन के बाद सुरक्षा कड़ी
ईरान के सुप्रीम लीडर, अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर शोक जताने के लिए हुए विरोध प्रदर्शनों और सभाओं के बाद नेशनल कैपिटल के कई हिस्सों में सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है।
सावधानी के तौर पर सेंसिटिव इलाकों, खासकर डिप्लोमैटिक मिशनों और शिया आबादी वाले इलाकों में और पुलिस तैनात की गई है।
