DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

इजराइल का गाजा के स्कूल पर हमला, 30 की मौत:शरणार्थी कैंप बनाया गया था; स्पेन ने इजराइल पर प्रतिबंध लगाने की मांग की

तेल अवीव,एजेंसी। इजराइल ने रविवार देर रात गाजा में कई जगहों पर हमले किए। इन हमलों में एक स्कूल को भी निशाना बनाया, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई है। स्कूल में आग लगने से लोग जिंदा जल गए।

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक यह एक किंडरगार्टन स्कूल था, जिसे शरणार्थी शिविर को तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था।

मरने वालों में रेड क्रॉस के दो कार्यकर्ता, एक पत्रकार और कई बच्चे शामिल हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक इजराइल के हमले में सोमवार को गाजा में अब तक 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। दूसरी तरफ स्पेन ने दुनिया भर के देशों से इजराइल पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

तीन दिन पहले एक डॉक्टर के 9 बच्चे मारे गए

गाजा पर 23 मई को हुए इजराइली हमले में खान यूनिस की एक महिला डॉक्टर अल-नज्जर के 9 बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है।

स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक मृत बच्चों की उम्र 7 महीने से 12 साल तक थी। डॉक्टर के पति को भी इस हमले में गंभीर चोटें आई है।

इजराइली सेना के मुताबिक गाजा में बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया गया। इसके तहत 14 से 20 मई तक 670 से ज्यादा हमास ठिकानों पर हमला किया। जिसमें गाजा के लगभग 512 लोग मारे गए थे।

इजराइल का गाजा के 77% हिस्से पर कब्जा

इजराइल ने गाजा पट्टी के 77% हिस्से पर कंट्रोल हासिल कर लिया है। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक यह दावा गाजा के सरकारी मीडिया ऑफिस ने रविवार को किया।

उन्होंने इजराइल पर नरसंहार के आरोप लगाते हुए संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।

बयान में कहा गया है कि इजराइली सेना ने बफर जोन, सुरक्षा कॉरिडोर और भारी गोलीबारी के जरिए गाजा के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों को अपने कब्जे में लिया है।

Exit mobile version