DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

इजराइल की ईरान पर एयर स्ट्राइक, 78 की मौत:329 घायल, 6 परमाणु वैज्ञानिक और 4 मिलिट्री कमांडर मारे गए; नेतन्याहू ने मोदी से बात की

तेहरान/तेल अवीव ,एजेंसी। इजराइल ने शुक्रवार सुबह 200 फाइटर जेट्स से ईरान के 6 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इसमें 78 लोग मारे गए और 329 घायल हो गए। मरने वालों में ईरान के 6 परमाणु वैज्ञानिक और टॉप 4 मिलिट्री कमांडर समेत 20 सैन्य अफसर हैं।

इजराइली हमले के जवाब में ईरान ने दोपहर में पलटवार किया और 100 से ज्यादा ड्रोन दागे। इजराइली सेना (IDF) ने दावा किया है कि उन्होंने सभी ड्रोन मार गिराए। अभी तक एक भी ड्रोन इजराइल की सीमा में नहीं पहुंचा।

इस बीच इजराइली पीएम नेतन्याहू ने पीएम मोदी से फोन पर बात कर मिडिल ईस्ट के हालात की जानकारी दी। नेतन्याहू जल्द ट्रम्प और पुतिन से बात करेंगे।

इससे पहले आज सुबह इजराइल ने ईरान पर 200 फाइटर जेट्स से हमला किया था। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इजराइली सेना ने तेहरान के आसपास कम से कम 6 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इन 6 में से 4 जगहों पर परमाणु ठिकाने भी मौजूद हैं।

नेतन्याहू ने पीएम मोदी से बातचीत की

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार शाम पीएम मोदी से फोन पर बात की है। इस दौरान उन्होंने मोदी को हालात की जानकारी दी।

पीएम मोदी ने इजराइली पीएम से इलाके में जल्द से जल्द शांति और स्थिरता कायम करने के लिए कहा है। मोदी ने X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।

नेतन्याहू ने ईरान पर हमले के बाद 3 देशों के शीर्ष नेताओं से बात की है। इनमें पीएम मोदी के अलावा जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्त्ज और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों शामिल हैं।

कुछ ही देर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर से बात करेंगे। नेतन्याहू ने कहा कि वे आने वाले दिनों में भी इन नेताओं से बातचीत करेंगे।

ईरानी विदेश मंत्री बोले- इजराइल ने सारी हदें पार की, बहुत पछताएगा

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) को लेटर लिखकर इजरायली हमले को ‘युद्ध का ऐलान’ करार दिया। उन्होंने कहा कि इजराइल ने सारी हदें पार कर दी है। इजराइल इस पर गलती पर बहुत पछताएगा।

इजराइली हमले में ईरान के 78 लोगों की मौत

ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इजराइल के हवाई हमलों में 78 लोग मारे गए हैं और 329 घायल हुए। यह एजेंसी, जो ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स से जुड़ी हुई है।

इराक ने इजराइल के खिलाफ UNSC में शिकायत की

इराक ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में इजराइल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बगदाद के विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। शिकायत में इराक ने कहा है कि ईरान पर बड़े हमले के दौरान इजराइल ने उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया।

इराकी मंत्रालय ने इसे इराक की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया है और सुरक्षा परिषद से अपील की कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और आगे ऐसी घटनाओं को दोहराए जाने से रोके।

ईरान की जामकरान मस्जिद पर लाल झंडा फहराया गया, ये बदले लेने की निशानी

इजराइल से जारी तनाव के बीच ईरान ने कोम शहर के पास जामकरान मस्जिद के गुंबद पर लाल झंडा फहराया है। यह लाल झंडा शिया इस्लाम में बलिदान और बदले का प्रतीक माना जाता है। यह झंडा किसी बड़े हमले या महत्वपूर्ण व्यक्ति की मौत का बदला लेने की कसम का प्रतीक है।

शिया मुस्लिम मानते हैं कि मंगलवार की रात इमाम महदी इस मस्जिद में आध्यात्मिक तौर पर मौजूद होते हैं। इसीलिए हर मंगलवार को हजारों श्रद्धालु यहां प्रार्थना करने और कुएं में अर्जी डालने आते हैं।

Exit mobile version