तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी,एजेंसी। ईरान-इजराइल जंग के 28 दिन बाद अब हूती विद्रोही भी इसमें शामिल हो गए हैं। इजराइल ने ईरान के अंदर 50 फाइटर जेट्स से हमला किया। इजराइली सेना के मुताबिक शुक्रवार रात ईरान के तीन इलाकों में हथियार बनाने वाली फैक्ट्रियों और परमाणु कार्यक्रम से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया।
सेना ने बताया कि ये हमले खुफिया जानकारी के आधार पर किए गए और कई घंटों तक चले। हमलों में अराक और यज्द जैसे अहम इलाके शामिल थे। जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनमें हथियार बनाने वाली सैन्य इंडस्ट्री और बैलिस्टिक के साथ एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल के पुर्जे बनाने वाली फैक्ट्री शामिल थी।

इसके अलावा अराक में मौजूद हेवी वॉटर प्लांट पर भी हमला किया गया, जिसे इजराइल ने परमाणु हथियारों के लिए प्लूटोनियम तैयार करने में अहम बताया है। वहीं यज्द में उस प्लांट को भी निशाना बनाया गया, जहां यूरेनियम संवर्धन (एनरिचमेंट) के लिए जरूरी विस्फोटक सामग्री तैयार की जाती है।
वहीं, ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर शुक्रवार रात को 6 बैलिस्टिक मिसाइलें और 29 ड्रोन दागीं। इस हमले में कम से कम 15 सैनिक घायल हुए, जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ईरान जंग से जुड़ी तस्वीरें…
ईरान ने शुक्रवार को इजराइल में ड्रोन हमले किए। ईरानी सेना के मुताबिक, तेल अवीव में अहम ठिकानों को निशाना बनाया गया।
इजराइल ने ईरान के खोंडाब (अराक) हेवी वाटर न्यूक्लियर कॉम्प्लेक्स पर शुक्रवार रात हमला किया।
ईरान ने शुक्रवार को इजराइल पर दागी गई मिसाइलों पर थैंक यू इंडिया लिखकर आभार जताया। ईरानी सेना के मुताबिक यह संदेश उन देशों के लिए बताया गया जिन्होंने ईरान के प्रति समर्थन दिखाया है।
लेबनान में शुक्रवार को इजराइल ने लोगों से गांव खाली करने को कहा, जिसके बाद सड़कों पर रात गुजारते लोग। गाड़ी को धक्का देकर खेलते बच्चे।
