दुर्ग-भिलाई,एजेंसी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने दुर्ग जिले के अहिवारा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि, यूं ही नहीं पांच साल में सरकारें बदल जाती हैं। किरण सिंह देव ने यह बयान पीएम मोदी के मन की बात के कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।

यह बयान उस वक्त आया, जब छत्तीसगढ़ में भाजपा पर नशे की फैक्ट्री खोलने का आरोप कांग्रेस लगातार लगा रही है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा कि, पिछले पांच साल में कांग्रेस सरकार के दौरान ही ऐसे काम हुए, जिसकी वजह से जनता ने सरकार बदल दी।
अहिवारा में पीएम मोदी की मन की बात कार्यक्रम में हुए शामिल हुए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव व अन्य पदाधिकारी।
कांग्रेस ने किया अत्याचार, दुराचार और भ्रष्टाचार
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने कहा कि, कांग्रेस के नेताओं को खुद आत्ममंथन करना चाहिए। पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस की सरकार के समय जो अत्याचार, दुराचार और भ्रष्टाचार हुआ, उसी का नतीजा है कि जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि यूं ही सरकारें नहीं बदलतीं, जनता सब कुछ देखती है और सही समय पर फैसला करती है।
मोदी के मन की बात में बड़ी संख्या में शामिल हुए बीजेपी कार्यकर्ता।
भाजपा सरकार में सीधे लोगों तक पहुंच रहा लाभ
किरण देव ने आगे कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार लगातार काम कर रही है। केंद्र की डबल इंजन सरकार का फायदा सीधे लोगों तक पहुंच रहा है। सरकार की योजनाएं गांव-गांव और हर जरूरतमंद तक पहुंच रही हैं। यही वजह है कि जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार बढ़ रहा है।
छत्तीसगढ़ अब विकास की राह पर लौट रहा
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, जनता ने अपना फैसला विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव, नगरीय निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव में साफ तौर पर दे दिया है। लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी होती है और जनता ने अपने वोट से यह दिखा दिया है कि वह किसके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब धीरे-धीरे शांति और विकास की राह पर वापस आ रहा है।
