DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जाल और आइस बॉक्स से जय मां लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की मछली बिक्री को मिला सहारा

मत्स्य पालन से महिलाओं की आमदनी बढ़ी, परिवार की आर्थिक स्थिति में आया सुधार
कोरबा, 04 अक्टूबर 2026। कोरबा विकासखंड के ग्राम तिलकेजा, तहसील भैसमा की जय मां लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की महिलाएं मछली पालन के माध्यम से आजीविका मजबूत कर रही हैं। समूह ने पंचायत स्तरीय शिविर में मत्स्य पालन विभाग को आवेदन प्रस्तुत किया था। इसके बाद विभाग की ओर से समूह को मछली पकड़ने के लिए जाल और मछलियों को सुरक्षित रखने के लिए आइस बॉक्स उपलब्ध कराया गया।

समूह की महिलाओं ने बताया कि पहले परिवार की आजीविका खेती-किसानी और दैनिक मजदूरी पर निर्भर थी। तालाब लीज पर लेकर मछली पालन शुरू करने की इच्छा थी, लेकिन जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं थे। मछली पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित रखने और बाजार तक पहुंचाने में भी परेशानी आती थी। आइस बॉक्स नहीं होने से मछलियों को ताजा रखना कठिन होता था और बिक्री प्रभावित होती थी।

जाल और आइस बॉक्स मिलने से अब मछलियों को पकड़ने, सुरक्षित रखने और बाजार तक पहुंचाने में सुविधा हुई है। मछली पालन और बिक्री से समूह की महिलाओं को नियमित आमदनी होने लगी है। इससे बच्चों की शिक्षा और परिवार की अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल रही है। समूह की महिलाओं के प्रयासों और विभागीय सहायता से परिवारों की आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में बेहतर हुई है।

Exit mobile version