DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर कलेक्टर ने नक्शा बटांकन की धीमी रफ्तार पर नाराज:अकलतरा के राजस्व अधिकारियों को रोजाना प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अकलतरा अनुविभाग के राजस्व अधिकारियों, निरीक्षकों और पटवारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान नक्शा बटांकन की धीमी रफ्तार पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि अब नक्शा बटांकन में ठोस परिणाम दिखाई देने चाहिए। उन्होंने कार्य की नियमित निगरानी के साथ दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं फील्ड में जाकर राजस्व प्रकरणों के निराकरण और कार्यों की प्रगति का औचक निरीक्षण करेंगे।

रिकॉर्ड अपडेट रखने पर जोर

कलेक्टर ने भू-अर्जन के बाद संबंधित जमीन के रिकॉर्ड को तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने नक्शा, खसरा और बी-1 जैसे महत्वपूर्ण राजस्व अभिलेखों को अद्यतन और त्रुटिरहित रखने को प्राथमिकता देने कहा।

बैठक में अविवादित और विवादित नामांतरण-बंटवारा, अभिलेख सुधार, सीमांकन, स्वामित्व योजना और स्वामित्व कार्ड वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा डिजिटल हस्ताक्षरित खसरे, आधार सीडिंग, डिजिटल क्रॉप सर्वे, जियो-रेफरेंसिंग और असर्वेक्षित गांवों के सर्वे-रिसर्वे की स्थिति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य सुनिश्चित हो। बैठक में संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, एसडीएम अकलतरा सुमित बघेल, डिप्टी कलेक्टर शशि चौधरी सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी मौजूद रहे।

Exit mobile version