DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोंडागांव के जीवेश का नेशनल अंडर-14 टीम में चयन:बस्तर संभाग के एकमात्र खिलाड़ी

जयपुर में करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

कोंडागांव,एजेंसी। कोंडागांव जिले के फरसगांव क्षेत्र के 11 वर्षीय जीवेश गाईन का चयन छत्तीसगढ़ स्कूल नेशनल क्रिकेट टीम (अंडर-14) में हुआ है। अपनी बेहतरीन गेंदबाजी और बल्लेबाजी के दम पर जीवेश ने यह उपलब्धि हासिल की है।

जीवेश राजस्थान के जयपुर में आयोजित होने वाले नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। जीवेश की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वह पूरे बस्तर संभाग से चयनित होने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।

जीवेश पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, फरसगांव में कक्षा सातवीं के छात्र हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर उनके पिता रामकृष्ण गाईन ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे बेटे के समर्पण का परिणाम बताया।

पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य महावीर जायसवाल सहित स्कूल के समस्त शिक्षकों और लोगों ने उन्हें बधाई दी है। प्राचार्य महावीर जायसवाल ने कहा कि “जीवेश न केवल हमारे स्कूल का, बल्कि पूरे बस्तर का मान बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि, हमें विश्वास है कि वह जयपुर में अपने खेल से छत्तीसगढ़ की टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Exit mobile version