DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

ठेकेदार के सूने मकान में चोरी कर जेवर गलाकर खपाया, चार आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। शहर के एमपी नगर में ठेकेदार के सूने मकान में चोरी के मामले की जांच में जुटी पुलिस ने दो चोरों को पकड़कर शहर में हुई तीन चोरी के मामले को सुलझा लिया है। मामले में दोनों आरोपी के साथ जेवर गलाने व खरीदने वाले को भी गिरफ्तार किया है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिहायशी कॉलोनियों में लगातार चोरी की घटना हो रही थी। मंगलवार-बुधवार रात एमपी नगर में ठेकेदार सुजीत कुमार के सूने मकान में लगभग 12 लाख की चोरी हुई थी। वारदात को दो बदमाशों ने अंजाम दिया था, जो मकान के अंदर अलमारी का लॉकर तोड़कर नकदी रकम समेत सोने-चांदी के जेवर ले गए थे। कॉलोनी के एक मकान में लगे सीसी कैमरे के फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां कैद हो गई थी। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने साइबर सेल व सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपते हुए मामला जल्द सुलझाने का निर्देश दिया था।

टीम ने सीसी कैमरे के फुटेज के आधार पर संदेहियों की जानकारी जुटाई। इस दौरान मानिकपुर क्षेत्र में रहने वाले नितेश साहू (21) व ललित भोई (18) पकड़े गए। उन्होंने ठेकेदार सुजीत कुमार के मकान के साथ ही शहर में दो अन्य मकानों में चोरी करना स्वीकार कर लिया। साथ ही उन्होंने अमित काले (42) निवासी रामसागरपारा के सहयोग से जेवर को गलाने और सराफा कारोबारी निखिल सोनी (29) निवासी अग्रसेन चौक कोरबा के पास खपाने की जानकारी दी। पुलिस ने उक्त दोनों लोगों को पकड़कर पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर, नकदी रकम समेत अन्य सामान जब्त किए गए।

Exit mobile version