DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने रजगामार में हुए मासूम बच्ची की हत्या के खिलाफ न्याय के लिए उठाई बुलंद आवाज़!

कोरबा 23 अक्टूबर 2026 । कोरबा जिले में चरमराती कानून व्यवस्था, पुलिस प्रशासन की नाकामी, राजगामार क्षेत्र में मासूम बालिका की संदिग्ध मौत/अनाचार-हत्या की निष्पक्ष जाँच, शराब नीति व अशिक्षा के खिलाफ जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी का आक्रामक रुख।

मुख्य वक्तव्य एवं तीखा हमला
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, जिला कोरबा की ओर से जिले में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ती आपराधिक घटनाओं, नशे के कारोबार और प्रशासनिक लाचारी पर घोर आपत्ति व्यक्त करते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया गया है।

जिलाध्यक्ष जैनेन्द्र कुर्रे ने पूरी शासन-प्रशासन के रवैये एवं कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए सीधा निशाना साधा। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक व मंत्री लखन लाल देवांगन (आबकारी मंत्री) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिले में अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ चुका है कि आम जनता और बेटियाँ खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

जिला सचिव महावीर यादव ने पुलिस प्रशासन की विफलता के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल की नीतियों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह कमजोर किया। इसके साथ ही, प्रदेश में जगह-जगह नई शराब भट्टियाँ खोलने का जोरदार विरोध करते हुए महावीर यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “क्षेत्र में होने वाली अधिकांश चोरी, डकैती, चाकूबाजी, बलात्कार व हत्या जैसी घिनौनी वारदातें शराब के अनियंत्रित प्रसार और अशिक्षा का ही सीधा दुष्परिणाम हैं।”

प्रदेश संगठन मंत्री सुरेंद्र प्रसाद (सोनू) राठौर ने प्रदेश सरकार की नाकामियों पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि सरकार अपराधों पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

महिला विंग अध्यक्ष चंचल महंत ने भी सरकार की शराब नीति के प्रति तीखा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने राजगामार में मासूम बच्ची के साथ हुई हृदयविदारक घटना पर सीधा सरकार और पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया तथा महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा में विफलता पर कड़ा निशाना साधा।

प्रमुख बिंदु एवं ज्वलंत मुद्दे

पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन व एएसपी से मुलाकात (अपराधों पर अंकुश लगाने की माँग):
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, जिला कोरबा के प्रतिनिधिमंडल ने कोरबा जिले में लगातार बढ़ रही चोरी, डकैती, मारपीट, हत्या और बलात्कार की घटनाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों ने एडिशनल एसपी नितेश सिंह ठाकुर से प्रत्यक्ष मुलाकात की और जिले में बेलगाम हो चुके अपराधियों पर त्वरित एवं कठोर अंकुश लगाने की पुरज़ोर माँग की।

रजगामार क्षेत्र में 6-7 वर्षीय मासूम बालिका की संदिग्ध मौत (उच्चस्तरीय निष्पक्ष जाँच की माँग):
दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को राजगामार क्षेत्र से लापता हुई मासूम बालिका का शव 22 अक्टूबर 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। पुलिस समय रहते उसे खोजने में नाकाम रही। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी माँग करती है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व निष्पक्ष जाँच के जरिए वास्तविक तथ्य अविलंब उजागर किए जाएँ। यदि दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि होती है, तो दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से अविलंब फाँसी की सजा दिलाई जाए।

दशहरा पर्व पर चाकूबाजी व निर्मम हत्या:
पवित्र दशहरा पर्व के दौरान मुढ़ापार क्षेत्र में मामूली विवाद पर राहुल उर्फ गोल्डन की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जो जिला प्रशासन की गश्त और खुफिया तंत्र की घोर नाकामी को दर्शाता है।

व्यापक आपराधिक माहौल, शराब भट्टी व प्रशासनिक विफलता:
जिले में चाकूबाजी, हत्या, चोरी, डकैती, अवैध उत्खनन/नशीले पदार्थों का कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। शराब की नई दुकानें और अशिक्षा का माहौल इन अपराधों को सीधा बढ़ावा दे रहा है।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की स्पष्ट माँगें:
पारदर्शी जाँच व फाँसी की सजा: राजगामार मामले की त्वरित व निष्पक्ष जाँच कर दोषियों को फाँसी के फंदे तक पहुँचाया जाए।

शराब नीति पर अंकुश व शिक्षा में सुधार: नई शराब भट्टियों को तुरंत बंद किया जाए और अपराध की मूल जड़ बने नशे के कारोबार पर नकेल कसी जाए।
सख्त पुलिस चौकसी: पूरे कोरबा जिले में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और आपराधिक तत्वों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए।

इस अवसर पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी महासचिव बादल दुबे जिला संगठन मंत्री सुरेश पटेल जिला मंत्री देव हंस जिला उपाध्यक्ष संजीव गोस्वामी शहर अध्यक्ष हरि चौहान जेसीपी सदस्य कला महंत और सैकड़ों सेनानी व छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना कोरबा जिलाध्यक्ष सुरजीत सोनी के नेतृत्व में पूरा छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना कोरबा टीम उपस्थित रहे।

Exit mobile version