संवाददाता साबीर अंसारी
बांकीमोंगरा/कोरबा। मुहर्रम के अवसर पर बांकीमोंगरा नगर में रविवार को जुलूस-ए-हुसैनी एवं ताजिया जुलूस पूरी अकीदत, अनुशासन और भाईचारे के माहौल में निकाला गया। बड़ी तादाद में लोगों ने जुलूस में शामिल होकर हज़रत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया और उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश की।
ताजियादार आजाद अंसारी के ताजिया का आगाज बनवारी साइड स्थित मुकाम से हुआ। यह जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए इंदिरा नगर मुस्लिम समाज ईदगाह पहुंचा, जहां धार्मिक रस्मों के साथ इसका समापन किया गया।

जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर पारंपरिक अखाड़ा का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों का मन मोह लिया। पूरे मार्ग में या हुसैन की सदाओं और मातमी माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
जुलूस को देखने के लिए नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी रही। देर रात तक लोग ताजिया और अखाड़ा प्रदर्शन का लुत्फ उठाते रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह के साथ-साथ अनुशासन और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात रहे तथा अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखी। प्रशासन की सक्रिय भूमिका और बेहतर व्यवस्थाओं के कारण पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मुहर्रम के इस अवसर पर नगरवासियों ने आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए मिसाल पेश की।
