DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जस्ट डायल का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 37% घटकर 100 करोड़ रुपए

नई दिल्ली, एजेंसी। सर्च इंजन कंपनी जस्ट डायल लिमिटेड का वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 36.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100 करोड़ रुपए रह गया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 157.6 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ कमाया था। कंपनी ने बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 6.23 प्रतिशत बढ़कर 307.24 करोड़ रुपए हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 की इसी अवधि में 289.2 करोड़ रुपए थी। 

कंपनी का नियंत्रण उद्योगपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की खुदरा इकाई रिलायंस रिटेल वेंचर्स द्वारा किया जाता है। वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी की वेबसाइट पर कुल उपयोगकर्ताओं की संख्या 18.24 करोड़ रही, जो सालाना आधार पर 4.7 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 1.2 प्रतिशत कम है। परिणामों पर टिप्पणी करते हुए कंपनी के मुख्य वृद्धि अधिकारी श्वेतांक दीक्षित ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 जस्ट डायल के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष रहा, क्योंकि इस दौरान कंपनी ने अपने मंच को और अधिक उन्नत और स्वचालन आधारित बनाने की दिशा में काम जारी रखा।

Exit mobile version