मुंबई,एजेंसी। एक्टर कमल हासन ने कहा था- कन्नड़ भाषा का जन्म तमिल से हुआ है। इस बयान के बाद कर्नाटक सरकार ने उनकी अपकमिंग फिल्म ठग लाइफ की रिलीज पर रोक लगा दी थी।
कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (KFCC) के इस फैसले के खिलाफ एक्टर ने कर्नाटक हाईकोर्ट में अपील की है। फिल्म 5 जून को देशभर में रिलीज होनी है।
कमल हासन के प्रोडक्शन हाउस राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर ने याचिका में कोर्ट से कर्नाटक सरकार, पुलिस डिपार्टमेंट और फिल्म ट्रेड बॉडीज को फिल्म की रिलीज में बाधा न डालने का निर्देश देने की अपील की है। याचिका में पुलिस महानिदेशक और शहर के पुलिस आयुक्त को स्क्रीनिंग के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देने की भी मांग की गई है।
KFCC ने कहा- कमल हासन माफी मांगें
24 मई को फिल्म के ऑडियो लॉन्च इवेंट में कमल हासन ने कन्नड़ भाषा पर बयान दिया था।
24 मई को आयोजित हुए फिल्म के ऑडियो लॉन्च इवेंट के दौरान कमल हासन ने कहा था कि कन्नड़ भाषा तमिल से ही जन्मी है। कन्नड़ भाषा पर दिया गया कमल हासन का बयान सामने आने के बाद पूरे कर्नाटक में उनका विरोध शुरू हो गया। कई जगह उनके पोस्टर जलाए गए और उनकी फिल्म की रिलीज रोके जाने की मांग होने लगी।
भाषा विवाद के चलते 28 मई को कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (KFCC) ने कमल हासन की फिल्म ‘ठग लाइफ’ की रिलीज पर बैन लगा दिया। KFCC के अध्यक्ष एम नरसिम्हालु ने न्यूज एजेंसी PTI से कहा था कि अगर कमल हासन चाहते हैं कि उनकी फिल्म रिलीज हो तो उन्हें माफी मांगनी होगी।

