कोरबा। कोरबा में सीएसईबी चौकी से कुछ ही दूरी पर पुराने फायर स्टेशन के पास सड़क किनारे खड़ी एक कंडम कार में सोमवार रात करीब 1 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा।
यह घटना शहर के बीचो बीच हुई, जहां देर रात तक लोगों की आवाजाही जारी थी। आग लगने के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी।

सड़क किनारे खड़ी कार हुई जल कर ख़ाक
शार्ट सर्किट की आशंका
दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी। जानकारी के मुताबिक, वाहन के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिन्हें पुलिस ने किसी तरह सामान्य कराया। आगजनी से आसपास के दुकानदार और निवासी दहशत में थे कि कहीं आग उनकी दुकानों या मकानों तक न फैल जाए।
आग कब, कैसे और किन परिस्थितियों में लगी, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस वाहन मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
वाहन मालिकों पर हो कार्रवाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, अशोक वाटिका मुख्य मार्ग सहित टीपी नगर, बुधवारी मुख्य मार्ग और मानिकपुर बाईपास पर बड़ी संख्या में कंडम वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं और आगजनी की घटनाएं होती रहती हैं। इससे पहले भी सड़क किनारे खड़ी एक ट्रेलर में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है।स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे वाहनों के मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और वाहनों को जब्त किया जाए।
