DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

करही हत्याकांड….9 दिन बाद भी आरोपी फरार:नेता प्रतिपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए, IG-SP से बातकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की

सक्ती। सक्ती जिले के करही गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के 9 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इस घटना को लेकर अब राजनीति गरमा गई है और विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है।

दरअसल, करही गांव में अज्ञात नकाबपोश बंदूकधारियों ने एक घर में घुसकर दो भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस हमले में बड़े भाई आयुष साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।

घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत और जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू करही गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक आयुष साहू को श्रद्धांजलि दी और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

महंत ने आईजी-एसपी से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की

डॉ. महंत ने परिवार के सामने ही आईजी और एसपी से फोन पर चर्चा की और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है और गंभीर अपराध लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बनता जा रहा है।

महंत ने इस हत्याकांड के पीछे रेत माफिया का हाथ होने की आशंका जताई। उनके अनुसार, प्रदेश में भाजपा नेताओं के संरक्षण में अवैध रेत कारोबार फल-फूल रहा है, और इस हत्या को भी इसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

वहीं, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि आयुष साहू रेत के कारोबार से जुड़ा था, और उसकी हत्या में रेत माफियाओं की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता।

बालेश्वर साहू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो कांग्रेस जिला स्तर पर प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ने का भरोसा दिलाया है।

Exit mobile version