नई दिल्ली, एजेंसी। केदारनाथ यात्रा फिर से शुरू हो गई है। चीरवासा के पास क्षतिग्रस्त रास्ते से अब 200-200 यात्रियों को सुरक्षित आगे भेजा जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बिना हेलमेट किसी को भी आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। चीरवासा में करीब 100 मीटर का क्षेत्र डेंजर जोन में आता है। यहां कभी भी लैंडस्लाइड होने का खतरा बना हुआ है।
वहीं, बिहार में 15 जिलों में 49.67 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। राज्य की 5 नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 22 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने यूपी के 72 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में 17 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। हरियाणा के 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। पंजाब के 18 जिलों में आज बारिश की संभावना है।
सैटेलाइट मैप में देखें मानसूनी बादलों की स्थिति
देशभर से मौसम की तस्वीरें
नैनीताल के पाटकोट में उफनते नाले में कार बहने लगी। ड्राइवर ने मुस्तैदी से सुरक्षित निकाली।
बिहार के दरभंगा में सोमवार शाम 11 हजार वोल्ट के बिजली तार पर बिजली गिरने से तार टूट गया।
बिहार के खगड़िया में सोमवार को दो भाइयों की डूबने से मौत हो गई।
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रास्ते में जगह-जगह घोड़े-खच्चरों के शव पड़े हुए हैं।
सिक्किम में लैंडस्लाइड के बाद 128 लोगों को सुरक्षित जगह भेजा गया
सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के रिंबी इलाके में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के बाद 28 घरों के 128 लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SSDMA) के मुताबिक, 14 सितंबर को भारी बारिश और बाढ़ के बाद इलाके का दोबारा जायजा लिया गया।
इसके बाद लोगों को रिंबी ग्राम पंचायत केंद्र में शिफ्ट किया गया। सिंगलिटाम में सात प्रभावित परिवारों के लिए राहत केंद्र बनाया गया है। यहां 33 से ज्यादा लोग रह रहे हैं, जिनमें बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं।
हिमाचल: 3 दिन होगी बारिश, 18 से कमजोर पड़ेगा मानसून
हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन मानसून सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राहत की बात यह है कि किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बारिश के चलते अगले 72 घंटे में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
पंजाब: 18 जिलों में बारिश के आसार
पंजाब के 18 जिलों में आज बारिश की संभावना है। चंडीगढ़ में आसमान बादलों से घिरा रहेगा। बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अब यह सामान्य के करीब बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 36 डिग्री बठिंडा में दर्ज किया गया।
यूपी: अगले 3 दिन हल्के बारिश का अलर्ट
यूपी में मानसून अभी एक्टिव मोड में है। मंगलवार को प्रदेश के 72 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, मानसूनी बारिश से नदियां उफान पर हैं। 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं और 4 लाख की आबादी प्रभावित है। फर्रुखाबाद में गंगा-रामगंगा की बाढ़ से 111 गांव चपेट में हैं। कई गांव टापू बन गए हैं। सड़कों पर नाव चल रही है।
मध्य प्रदेश: राज्य में 88% बारिश, 37 जिलों में कोटा फुल नहीं
मानसूनी सीजन को अब 15 दिन बाकी बचे हैं, लेकिन मध्य प्रदेश में 88% बारिश ही हुई है। इंदौर, उज्जैन-जबलपुर समेत 37 जिलों में कोटा फुल नहीं हुआ है। भोपाल, ग्वालियर सहित 18 जिले ही आगे निकले हैं। आलीराजपुर में तो कोटे की आधी बारिश भी नहीं हुई, जबकि निवाड़ी में 49% पानी ज्यादा गिर चुका है।
बिहार: 15 जिले बाढ़ से घिरे, 49.67 लाख लोग प्रभावित
बिहार में बाढ़ की स्थिति अब भी बनी हुई है। 15 जिलों के 575 पंचायतों में करीब 49.67 लाख की आबादी अभी भी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। राज्य की 5 नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं।
उत्तराखंड: केदारनाथ यात्रा पर तीसरे दिन भी ब्रेक, 500 यात्री फंसे
उत्तराखंड में केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण यात्रा तीसरे दिन भी बंद है। सुरक्षा बलों के जवानों ने करीब 7 हजार यात्रियों को सुरक्षित निकालकर गौरीकुंड की ओर भेजा। अभी केदारनाथ यात्रा मार्ग पर 500 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं और रास्ते में जगह-जगह घोड़े-खच्चरों के शव पड़े हुए दिख रहे हैं।
