पटना, एजेंसी। पटना में रविवार को कांग्रेस के कार्यक्रम में हंगामा हो गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बापू सभागार में मोदी सरकार और उनकी नीतियों पर बोल रहे थे।
तभी एक शख्स उठकर बोला कि मोदी जी नहीं जाने वाले हैं। जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, मोदी सरकार नहीं हटेगी।
इस पर खड़गे गुस्सा होकर बोले- मोदी क्या उसका बाप भी जाएगा। यह बात उन्होंने 3 बार दोहराई।
इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उस शख्स की पिटाई कर दी, जिसने कहा था- मोदी नहीं जाने वाले।
मल्लिकार्जुन खड़गे पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में मोदी का समर्थन करने वाले शख्स को पीटा गया।
शाह बोले- कांग्रेस रोज अभद्रता की सीमाएं पार कर रही है
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने PM के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है।
भाजपा बोली- इनकी कार्यशैली माफियाओं जैसी
भाजपा ने X पर खड़गे का वीडियो शेयर करके लिखा- कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग प्रतीत होती है।
बिहार में पीएम मोदी की मां को अपशब्द कहे गए थे
बिहार के दरभंगा में 27 अगस्त 2025 को राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान PM मोदी की मां को गाली दी गई थी। इसके विरोध में बिहार बंद किया गया और प्रदर्शन भी किए गए थे। पटना में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता में मारपीट भी हुई थी। कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई थी।
खड़गे बोले- सोशलिस्ट नीतीश BJP-RSS की गोद में जाकर बैठे
खड़गे ने कहा कि नीतीश कुमार सोशलिस्ट विचारधारा को लेकर आगे बढ़ें, लेकिन अब BJP-RSS की गोद में जाकर बैठ गए हैं। जब आदमी के पास कमजोरी आती है, तब आईडियोलॉजी के ऊपर से विश्वास उठ जाता है।
हमें तो सभी ने मारा, फिर भी हम और मेरे लीडर राहुल गांधी जिंदा है और लड़ रहे हैं। लोगों के लिए मर रहे हैं। जब तक इस देश में RSS की आईडियोलॉजी खत्म नहीं होगी, तब तक इस देश में शांति नहीं आएगी। शांति को भंग करने वाले यही लोग है। आज भी छुआछूत करने वाले लोग RSS में भरे पड़े हैं।
बिहार में लोकतंत्र को मजबूत करने वाले नायक थे श्री बाबू
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि श्री बाबू आधुनिक बिहार में लोकतंत्र को मजबूत करने वाले नायक थे। आज कई जगह लैंड रिफॉर्म्स के कानून आए हैं, उसके लिए इंदिरा गांधी ने तो बहुत काम किया था।
1937 में बिहार में कांग्रेस की पहली सरकार कृष्ण बाबू के नेतृत्व में बनी। इसके बाद आजाद भारत में 1947 में बिहार में सरकार बनी। उनके मुख्यमंत्री काल में जमींदारी प्रथा खत्म, भूमि सुधार और चकबंदी एक्ट आई।
कार्यक्रम को संबोधित करते मल्लिकार्जुन खड़गे।
चुनाव आयोग और मोदी सरकार के बीच सांठ-गांठ
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि श्री बाबू के समय में कुछ काम हुए या नेहरू के शासन में कोई तरक्की हुई तो बीजेपी के लोग बोलते हैं कि हमने किया। बीजेपी वाले वर्तमान की बात न करके नेहरू-इंदिरा काल में चले जाते हैं।
पिछले दिनों जो कुछ घटना घटी है, उससे पता चल रहा है कि चुनाव आयोग और मोदी सरकार के बीच बड़ी सांठ-गांठ हुई है। ज्ञानेश कुमार के आने के बाद मोदी जी ने.ऐसा कानून लाया कि कुछ भी गलती कर लो उन्हें 12 खून माफ है।
CEC की कमेटी में सिलेक्शन करने के लिए तीन लोग रहते थे। चीफ जस्टिस के साथ प्रधानमंत्री और अपोजिशन के लीडर शामिल होते थे। लेकिन अब मोदी सरकार ने चीफ जस्टिस को हटाकर मिनिस्टर को लेकर आए।
हमने उनकी कई गलतियां पहले ही पकड़ ली थी। राहुल गांधी ने 10 महीने में 14 बार गलतियों के बारे में कहा और ज्ञानेश कुमार की गलतियों को बताया। बिहार की सरकार चोरी की सरकार है। हर जगह चोरों की सरकार है। जो चोरी करते हैं, उसे सबक सिखाना होगा।
पटना के बापू सभागार में बड़ी संख्या में कांग्रेसी पहुंचे।

