DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

गुरु नानक जयंती पर कीर्तन और लंगर का आयोजन:कोरबा में रक्तदान शिविर लगाया, समाज के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया

कोरबा। कोरबा जिले में गुरु नानक देव जी की जयंती मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम कुसमुंडा के विकास नगर गुरुद्वारे में हुआ। यहां सुबह से ही सिख समाज के लोग पहुंचने लगे। गुरुद्वारे में कीर्तन हुआ। ग्रंथी ने गुरु नानक देव जी की वाणी और जीवन के बारे में बताया।

उन्होंने लोगों को सत्य, सेवा और समानता के रास्ते पर चलने का संदेश दिया। समाज के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने कीर्तन में हिस्सा लिया।

कीर्तन के बाद लंगर लगाया

कीर्तन के बाद गुरुद्वारे में लंगर लगाया गया। इसमें सिख समाज के सदस्यों के साथ आसपास के इलाकों से आए लोगों ने भी प्रसाद और भोजन ग्रहण किया। सभी ने एक साथ बैठकर लंगर खाया।

युवाओं समेत कई लोगों ने किया रक्तदान

इस मौके पर सिख समाज ने रक्तदान शिविर भी लगाया। युवाओं समेत कई लोगों ने रक्तदान किया। आयोजकों ने बताया कि गुरु नानक देव जी की मानव सेवा की सीख से प्रेरित होकर शिविर लगाया गया, ताकि जरूरतमंदों की मदद की जा सके।

वरिष्ठ सदस्यों का किया सम्मान

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ सदस्यों को शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने समाज को जोड़ने में उनके योगदान की सराहना की।

शहर के अन्य गुरुद्वारों में भी हुए आयोजन

कोरबा शहर, दीपका और दर्री के गुरुद्वारों को भी सजाया गया। यहां कीर्तन और लंगर का आयोजन हुआ। सिख समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गुरु नानक जयंती की बधाई दी।

Exit mobile version