रायपुर, एजेंसी। रायपुर में AICC सचिव नियुक्त होने के बाद पूर्णचंद (कोको) पाढ़ी पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं, युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़े बजाए गए, आतिशबाजी की गई और समर्थकों ने नारे लगाए। एयरपोर्ट से शहर पहुंचने के रास्ते में भी अलग-अलग जगहों पर उनका स्वागत किया गया।

कोको पाढ़ी की नियुक्ति के बाद उनके पहले छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। स्वागत के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ युवा कांग्रेस के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
पूर्णचंद पाढ़ी ने अपनी राजनीतिक शुरुआत युवा कांग्रेस से की थी। उन्होंने ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में काम किया। इसके बाद भानुप्रतापपुर विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष और कांकेर लोकसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित हुए। संगठन में सक्रिय भूमिका के चलते उन्हें भारतीय युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया।
वर्ष 2018 में उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद 2022 में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और संगठन प्रभारी बनाए गए। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की गतिविधियों में जिम्मेदारी निभाई।
अब AICC सचिव के साथ ओडिशा के सहप्रभारी
हाल ही में पार्टी की चयन प्रक्रिया और साक्षात्कार के बाद उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) का सचिव नियुक्त किया गया। इसके साथ ही उन्हें ओडिशा का सहप्रभारी भी बनाया गया है। उनकी नियुक्ति को युवा कांग्रेस के संगठनात्मक सफर से राष्ट्रीय कांग्रेस में मिली नई जिम्मेदारी के तौर पर देखा जा रहा है।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
रायपुर एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान PCC संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान, सुकमा जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश लखमा, अशरफ हुसैन, अजीत कुकरेजा, प्रशांत बोकाडे, आशीष अवस्थी, सत्येंद्र चेलक और जीशान कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और समर्थक मौजूद रहे।
