DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा कलेक्टर अम्बिका परियोजना प्रभावित गांव पहुंचे:ग्रामीणों की समस्या सुनी, दलालों से सावधान रहने की सलाह दी

कोरबा/पाली। कोरबा के पाली ब्लॉक स्थित ग्राम करतला में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ग्रामीणों के साथ बैठक की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके हर संभव समाधान का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों के अधिकारों की पूर्ण सुरक्षा की जाएगी और खदान प्रभावितों को सभी आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी।

कलेक्टर दुदावत प्रस्तावित अम्बिका परियोजना माइंस से प्रभावित करतला गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। कई ग्रामीणों ने नए बने घरों के लिए मुआवजे की मांग की।

विभाग सम्बद्ध अधिकारीयों को समस्याओं के समाधान करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर

कलेक्टर ने बताया

वर्ष 2023 में ड्रोन सर्वे किया जा चुका है। परियोजना अधिसूचित होने के बाद किए गए नए निर्माणों पर मुआवजा देना संभव नहीं होता। उन्होंने आश्वस्त किया कि नियमों के अनुसार जो भी पात्र होगा, उसे निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। साथ ही, उन्होंने ग्रामीणों को दलालों और बिचौलियों के प्रभाव में न आने की सलाह दी।

सरपंच ने की ये शिकायतें

ग्राम सरपंच ज्योतिष कुमार कुसरो ने एसईसीएल द्वारा पूर्व निर्णयों पर अमल न करने, श्रम नियमों के तहत मजदूरी न मिलने, किसानों को मुआवजा न मिलने और खदान प्रभावित क्षेत्र के बाहर नामांतरण पर रोक जैसे कई मुद्दे उठाए।

समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश:कलेक्टर

कलेक्टर ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने तहसीलदार, एसईसीएल और श्रम विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाकर समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्र के बाहर की भूमि में नामांतरण पर लगी रोक हटाने का भी निर्देश दिया।

ग्रामीणों की मांग

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने गांव में सीसी रोड और आंगनबाड़ी भवन की आवश्यकता भी बताई। कलेक्टर ने जर्जर आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया और मरम्मत योग्य होने पर उसकी मरम्मत कराने, अन्यथा नया भवन स्वीकृत करने की बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में राजस्व पखवाड़ा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।कलेक्टर ने ग्रामीणों से टीबी जांच के लिए एक्सरे कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में शिविर लगाकर जांच करेगी।

वृद्धा की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई

एक वृद्धा ने अपने खेत में जाने से रोके जाने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने राजस्व टीम को मौके पर जाकर समस्या का निराकरण करने का निर्देश दिया। उन्होंने राशन दुकान में चावल वितरण की स्थिति की भी जानकारी ली। बैठक में एसडीएम पाली रोहित सिंह भी उपस्थित थे।

Exit mobile version